Site icon News1India

14 वर्ष के किशोर ने 13 साल की किशोरी से किया दुष्कर्म, बिगड़ी तबियत तो सामने आया सच और पीड़िता निकली प्रेग्नेंट

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के सादाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच माह पहले 14 साल के किशोर ने 13 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। बृहस्पतिवार को अचानक किशोरी की तबियत खराब हुई तो परिवारवाले को पता चला कि पीड़िता प्रेग्नेंट है। यह जान परिवारवालों के पैरों के तले से जमीन खिसक गई। वह किशोरी को लेकर पुलिस के पास गए और किशोर पर मुकदमा दर्ज करवाया।

हाथरस जिले के सादाबाद थानाक्षेत्र स्थित एक गांव निवासी किसान अपने परिवार के साथ रहता है। किसान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गत 25 दिसंबर को उसकी बेटी स्नानघर में नहा रही थी। घर पर बेटी अकेली ही थी। तभी पड़ोस का एक किशोर घर में घुस आया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। पिता का आरोप है कि किशोर ने दुष्कर्म के बाद बेटी को धमकी दी थी कि अगर उसने ये बात किसी को बताई तो उसे जान से मार देगा। डर के चलते बेटी चुप रही।

पीड़िता का पेट अचानक बढ़ने लगा। बृहस्पतिवार को उसकी तबियत बिगड़ी तो बड़ी बहन उसे दवा दी। बड़ी बहन को पीड़िता के प्रेग्नेंट होने का शक हुआ तो वह उसे कमरे में लेकर गई। बड़ी बहन से उससे सच बताने को कहा। पीड़िता ने रो-रो कर पूरी हकीकत अपनी बड़ी बहन को बता दी। पीड़िता ने बड़ी बहन को बताया कि पड़ोसी किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके कारण मैं चुप रही। बड़ी बहन ने मामले की जानकारी परिवारवालों को दी।

परिवारवाले पीड़िता को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया। पीड़िता के पिता का आरोप है कि युवक की उम्र 18 साल से अधिक है। उसे जल्द से जल्द अरेस्ट कर जेल भेजा जाए। पुलिस ने आरोपी के परिवारवालों को बुलाया। परिवारवालों ने पुलिस को बताया कि आरोपी की उम्र 14 साल की है। मामले पर सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही किशोरी का डॉक्टरी परीक्षण करवाया जाएगा।

 

Exit mobile version