गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी ने दी बधाई, कहा: ‘आज का दिन गर्व का, संविधान के रास्ते पर चलें’

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 76वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस का पर्व भारतीयता के गौरव और एकता का उत्सव है।

76th Republic Day

76th Republic Day: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 76वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि गणतंत्र दिवस का पर्व भारतीयता के गौरव और एकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हर नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है।

आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह दिन हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि संविधान को पढ़ने और समझने से भारत की सांस्कृतिक गहराई और महानता का पता चलता है। हर नागरिक को संविधान के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए और अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी व्यक्ति अपने कार्य को ईमानदारी से करता है वह कार्य देश के विकास में योगदान देगा, और यही संविधान की शक्ति भी है। भारत ने लोकतंत्र में जितनी भी मजबूती पाई है वह संविधान के कारण ही संभव हुआ है।

यह भी पढ़े: देशभर में गणतंत्र दिवस की धूम, कर्तव्य पथ पर दिखेगी भारत की ताकत और परंपराओं का संगम

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान और त्याग को याद करने के साथ-साथ हमें संविधान के प्रति अपनी निष्ठा बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के संविधान के लागू होने के 75 साल पूरे हो रहे हैं। न्याय, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों के साथ हमारे संविधान ने अपनी यात्रा को शानदार तरीके से तय किया है।

इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Exit mobile version