Site icon News1India

Lucknow News: मिलिए लखनऊ की इस ‘दबंग’ लेडी से, जिसने गरीब के गाल पर जड़ दिए 1 मिनट पर 20 कंटाप

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें लेडी कैब चालक के गाल पर 1 मिनट के अंदर करीब 20 कंटाप जड़ देती है। कैब के अंदर बैठे यात्री व उनकी पत्नी ने महिला को रोकने का प्रयास किया तो वह उन पर भी टूट पड़ती है। कार से बाहर निकालने के साथ अपशब्द कहती है। मामला आशियाना क्षेत्र का है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

टक्कर होने से महिला का फूटा गुस्सा

मूलरूप से कानपुर नगर निवासी सुनील शर्मा कैब चालक हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब दो बजे वह मानस नगर के रहने वाले सिद्धार्थ द्विवेदी व उनकी पत्नी को लेकर जनेश्वर मिश्र पार्क जा रहे थे। तभी आशियाना में पकरी के पुल की सर्विस लेन पर कैब में पीछे से स्कूटी टकरा गई। स्कूटी मंजू नाम की महिला चला रही थी। स्कूटी पर उसकी बेटी भी बैठी थी। टक्कर होते ही महिला आगबबूला हो गई और कैब चालक से भिड़ गई।

महिला ने चालक को पीटा

आरोप है मां मंजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चालक को कैब से खींचकर बाहर निकाला और थप्पड़ जड़ने शुरू कर दिए। दंपती ने बीच-बचाव किया तो मंजू ने उनसे भी हाथापाई की। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। शाम करीब पांच बजे कैब चालक के साथी भी वहां पहुंच गए। सुनील का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के बजाए उन पर समझौता करने का दबाव डालना शुरू कर दिया। इससे नाराज पीड़ित के साथियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

महिला पर एफआईआर दर्ज

कैब में बैठे दंपती ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसमें साफ नजर आ रहा है कि महिला ने चालक को एक मिनट में करीब 20 थप्पड़ जड़े हैं। इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह के मुताबिक पीजीआई इलाके की वृंदावन कॉलोनी निवासी मंजू अपनी बेटी को लेकर स्कूल से आ रही थी। तभी दोनों पक्षों में टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। महिला ने भी कार चालक के खिलाफ अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। तहरीर पर महिला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की तफ्तीश चल रही है।

Exit mobile version