Site icon News1India

Road Accident News:आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार क्रेटा डिवाइडर से टकराकर उछल गई ; तीन की मौत दो घायल

Agra-Lucknow Expressway Accident:

 Road Accident News:आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बलिया जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार तीन लोग डिवाइडर के ऊपर से उछल गए और एक्सप्रेसवे की जाली पार करते हुए आरओडब्ल्यू क्षेत्र में जाकर पत्थरों पर गिर पड़े। हादसे में तीनों की मौत हो गई।

कार में सवार थे पांच लोग

जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार को यशवंत पुत्र संजय तलवार, निवासी दुर्गा पार्क, थाना डाबरी, दिल्ली चला रहे थे। कार में उनके साथ जयप्रकाश, चंद्रकांत, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह भी सवार थे। कुल पांच लोग दिल्ली से बलिया की ओर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि तेज गति के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कार मध्य डिवाइडर के एमबीसीबी से जा टकराई। टक्कर के बाद कार काफी तेजी से उछली और उसमें सवार तीन लोग डिवाइडर के दूसरी ओर जा गिरे।

तीन लोगों की मौके पर मौत

हादसे के दौरान जयप्रकाश, भूपेंद्र सिंह और कपिल सिंह डिवाइडर के ऊपर से उछलकर एलएचएस की जाली पार कर आरओडब्ल्यू क्षेत्र में जा गिरे। पत्थरों पर गिरने के कारण तीनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे में तीनों की मौत हो गई।

घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और संबंधित अधिकारियों को दी।

चालक समेत दो लोग घायल

सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में कार चालक यशवंत और चंद्रकांत भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को उपचार के लिए पहले सीएचसी भेजा गया, जहां से उनकी हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार को दुर्घटना की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाने की कार्रवाई की। अधिकारियों ने हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई है।

Exit mobile version