Akhilesh Yadav PDA Rath Yatra:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रायबरेली से अपनी पीडीए रथयात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच उनकी इस यात्रा को पार्टी के संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संपर्क बढ़ाने से जोड़कर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से हो रही है।
बछरावां से शुरुआत
अखिलेश यादव लखनऊ से रवाना होकर रायबरेली के बछरावां क्षेत्र के चुरुआ से रथयात्रा शुरू करेंगे। इसके बाद वह हरचंदपुर के सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। यहां कार्यकर्ताओं से मुलाकात और चाय पर चर्चा का कार्यक्रम है। इसके बाद अखिलेश यादव रायबरेली शहर में जीआईसी मैदान में सभा और कार्यकर्ता संवाद करेंगे।
अखिलेश के लिए तैयार किए गए विशेष रथ पर डॉ. भीमराव आंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जनेश्वर मिश्र, मुलायम सिंह यादव और बेनी प्रसाद वर्मा जैसे नेताओं की तस्वीरें और संदेश लगाए गए हैं। पार्टी इसे अपने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण से जोड़कर देख रही है।
पोस्टरों से बढ़ा विवाद
अखिलेश यादव के रायबरेली पहुंचने से पहले ही शहर और आसपास के इलाकों में पोस्टर वार शुरू हो गया। कुछ पोस्टरों में उनका स्वागत किया गया है। एक पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाकर स्वागत संदेश लिखा गया है। दूसरी तरफ विरोध में लगाए गए पोस्टरों में ‘अखिलेश यादव वापस जाओ’ जैसे नारे दिखाई दिए।
कुछ विरोधी पोस्टरों में आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए अखिलेश यादव पर राजनीतिक निशाना साधा गया है। इन पोस्टरों को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हुई है।
छात्र विवाद बना वजह
रायबरेली में 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी से जुड़े छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सपा नेताओं ने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। सपा का कहना है कि इसी घटनाक्रम के बाद अखिलेश यादव ने राहुल लोधी के घर जाने और रायबरेली से रथयात्रा शुरू करने का फैसला किया।
कांग्रेस गढ़ से संदेश
रायबरेली कांग्रेस का प्रमुख राजनीतिक क्षेत्र रहा है और वर्तमान में यहां से राहुल गांधी लोकसभा सांसद हैं। ऐसे में सपा अध्यक्ष का यहां से रथयात्रा शुरू करना गठबंधन की राजनीति के बीच भी चर्चा में है। सपा नेताओं के मुताबिक यात्रा का फोकस संगठन को सक्रिय करने और पीडीए सामाजिक समूहों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर है।
रायबरेली में सपा के तीन विधायक हैं। इनमें राहुल लोधी, श्याम सुंदर भारती और देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। अखिलेश के दौरे में इन नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के जरिए पार्टी अपना संगठनात्मक आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

