Amitabh Bachchan: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ को अपने एक्स हैंडल पर शेयर कर पुलिसकर्मियों के जज्बे को सलाम किया है। एंथम साझा करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा कि कुछ सितारे सिल्वर स्क्रीन पर चमकते हैं, जबकि कुछ लोग धूप, बारिश और मुश्किल परिस्थितियों के बीच खाकी पहनकर जमीन पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
उन्होंने यूपी पुलिस के पुरुष और महिला कर्मियों को समर्पित करते हुए लिखा, “कुछ सितारे आकाश में चमकते हैं… कुछ खाकी पहनते हैं और जमीन पर चमकते हैं।”
6.5 मिनट के एंथम में दिखी पुलिस की पूरी दुनिया
14 अगस्त को लखनऊ के लोक भवन में औपचारिक रूप से लॉन्च किए जाने के बाद करीब 6.5 मिनट का यह एंथम ऑनलाइन जारी किया गया। वीडियो में यूपी पुलिस की रोजमर्रा की ड्यूटी और चुनौतियों को सिनेमाई अंदाज में दिखाया गया है।
इसमें महाकुंभ 2025 के दौरान भारी भीड़ संभालने से लेकर ट्रैफिक जंक्शनों, आपातकालीन परिस्थितियों, महिला सुरक्षा अभियानों और रोजमर्रा की पुलिसिंग तक की झलक दिखाई गई है। वीडियो का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के कर्तव्य, साहस और मानवीय पक्ष को सामने लाना है।
अमिताभ की आवाज, शंकर महादेवन की गायकी
‘खाकी का सितारा’ में अमिताभ बच्चन ने अपनी प्रभावशाली आवाज दी है, जबकि गाने को मशहूर गायक शंकर महादेवन ने आवाज दी है। गीत के बोल प्रसिद्ध गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने लिखे हैं। एंथम में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपदा राहत जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में पुलिस की भूमिका को रेखांकित किया गया है।
एक साल से ज्यादा समय में तैयार हुआ वीडियो
यूपी पुलिस के डीजीपी पीआरओ और सोशल मीडिया सेल के प्रभारी राहुल श्रीवास्तव के अनुसार, इस वीडियो को तैयार करने में एक साल से अधिक समय लगा। इसमें महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 के बीच पुलिस की विभिन्न ड्यूटी और अभियानों के दौरान रिकॉर्ड किए गए वास्तविक फुटेज का इस्तेमाल किया गया है।
