Crime Update: अंकित बालियान हत्याकांड में सामने आया नया मोड़, गोगी गैंग ने क्या किया दावा

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद कथित गोगी गैंग पोस्ट ने जिम्मेदारी ली। पोस्ट में दुश्मनों का साथ देने और गाने को हत्या की वजह बताया गया है।

Ankit Baliyan Murder

Ankit Baliyan Murder:उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें गोगी गैंग ने कथित तौर पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। यह पोस्ट भोलू सहापुरिया के इंस्टाग्राम अकाउंट से किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि सहापुरिया का संबंध गोगी गैंग से है। पोस्ट में अंकित की हत्या की वजह बताते हुए धमकी भी दी गई है कि यह अभी शुरुआत है और आगे दूसरे लोगों का भी नंबर आएगा।

हत्या की वजह

वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि अंकित बालियान गैंग के दुश्मनों का साथ देता था। पोस्ट के मुताबिक, उसने गोगी से जुड़ी एक घटना को लेकर गाना बनाया था और कथित तौर पर गैंग के विरोधियों की आपराधिक गतिविधियों में भी उनका साथ देता था। इसी वजह से उसे निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट की पुलिस की ओर से स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है। जांच एजेंसियां इस दावे और पोस्ट के पीछे की सच्चाई की जांच कर रही हैं।

जिम के बाहर हमला

अंकित बालियान की बुधवार, 26 अगस्त की शाम शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नालापटरी आर्यपुरी में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए चार हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए अंकित गाड़ी के अंदर चले गए, लेकिन बदमाशों ने वाहन का गेट खोलकर उन पर लगातार गोलियां बरसा दीं। इसके बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गए।

18 राउंड फायरिंग

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से पांच गोलियां अंकित के सिर और पेट में लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने विरोध में सड़क पर जाम लगाया था, जिसे पुलिस के आश्वासन के बाद खोल दिया गया। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की साजिश की जांच कर रही है।

कौन है गोगी गैंग

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोगी गैंग दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में शामिल रहा है। इसकी शुरुआत जितेंद्र मान उर्फ गोगी ने की थी। 24 सितंबर 2021 को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के हमलावरों ने गोगी की हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों गैंग के बीच दुश्मनी और बढ़ गई। गोगी की हत्या के बाद उसके गुर्गों ने तिहाड़ जेल में टिल्लू ताजपुरिया को भी मार डाला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोगी की मौत के बाद दिनेश कराला गैंग की कमान संभालने वालों में प्रमुख नाम रहा है और वह फिलहाल जेल में बंद है।

गाने से जुड़ा विवाद

अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी वाले कथित पोस्ट में उसके गाने का भी जिक्र किया गया है। माना जा रहा है कि अंकित का ‘कोर्ट में गोली’ गाना इस विवाद की एक वजह हो सकता है। यह गाना जितेंद्र मान उर्फ गोगी की 2021 में हुई हत्या के बाद रिलीज हुआ था। गाने के बोल में कोर्ट के अंदर गोली मारने का जिक्र था, जिसके चलते यह काफी चर्चा में आया था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को जोड़कर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वायरल पोस्ट वास्तव में हत्या से जुड़े लोगों ने ही की है या नहीं।

Exit mobile version