Site icon News1India

Yadav Dispute: किसके इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा सियासी और पारिवारिक बवाल, क्या अकाउंट हुआ था हैक

Aparna Yadav Prateek Yadav dispute

Prateek yadav instagram post:उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ा एक निजी मामला इन दिनों चर्चा में है। अपर्णा यादव और उनके पति प्रतीक यादव को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। इस पोस्ट में प्रतीक यादव की ओर से तलाक और गंभीर आरोपों की बात कही गई थी, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया।

हालांकि, इस पूरे विवाद पर अपर्णा यादव के परिवार की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। अपर्णा यादव के भाई ने साफ कहा है कि प्रतीक यादव ने ऐसा कोई पोस्ट खुद नहीं किया है। उनके अनुसार, प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था और उसी के जरिए यह पोस्ट डाली गई है। उन्होंने चैनलों से फोन पर बातचीत में कहा कि इस पोस्ट से प्रतीक का कोई लेना-देना नहीं है।

दरअसल, सोमवार को प्रतीक यादव के नाम से एक इंस्टाग्राम पोस्ट सामने आई थी। इस पोस्ट में अपर्णा यादव पर पारिवारिक रिश्ते खराब करने के आरोप लगाए गए थे। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि वह जल्द ही तलाक लेने वाले हैं और उनकी मानसिक स्थिति काफी खराब है। इस पोस्ट के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई।

अपर्णा यादव की प्रतिक्रिया नहीं आई

जब इस मामले पर अपर्णा यादव से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं की। पोस्ट सामने आने के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया, जिस वजह से उनकी ओर से कोई बयान नहीं मिल सका। इस बीच सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें करने लगे।

समाजवादी पार्टी ने बनाई दूरी

इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी ने बेहद संभलकर प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से निजी और पारिवारिक मामला है। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर आने वाली हर बात की सच्चाई तुरंत तय करना मुश्किल होता है। अगर यह कोई राजनीतिक विषय होता तो पार्टी अपनी राय जरूर रखती, लेकिन इस मामले में दोनों पक्षों को ही बोलने देना बेहतर है।

कौन हैं प्रतीक यादव

प्रतीक यादव, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे हैं। वह अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं। प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहते हैं और मुख्य रूप से बिजनेस से जुड़े हुए हैं। उनकी हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल अक्सर चर्चा में रहती है। उनकी दो बेटियां हैं और साल 2012 में उनकी शादी अपर्णा यादव से हुई थी।

अपर्णा यादव का राजनीतिक सफर

अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश की जानी-मानी राजनीतिक शख्सियत हैं। वह मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं और वर्तमान में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बाद में साल 2022 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। राजनीति के अलावा अपर्णा एक प्रशिक्षित गायिका भी हैं।

फिलहाल, इस पूरे विवाद में सच्चाई क्या है, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। परिवार के अकाउंट हैक होने के दावे के बाद मामला और भी उलझ गया है।

Exit mobile version