Site icon News1India

Ayodhya Deepotsav: दीपोत्सव में निकलेंगी कई भव्य झांकियां, रामायण से लेकर योगी सरकार की योजनाओं की दिखेगी झलक

Ayodhya Deepotsav: अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली शोभायात्रा में 21 भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इनके जरिए रामायण के सातों कांडों के साथ योगी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को भी दर्शाया जाएगा। झांकियों के निर्माण का काम साकेत महाविद्यालय परिसर में शुरू हो चुका है।

सरकार की योजनाओं पर आधारित होंगी 14 झांकियां

सूचना विभाग की ओर से 14 झांकियां तैयार कराई जा रही हैं। इनमें जल जीवन मिशन, एक जिला एक उत्पाद (ODOP), कृषि एवं पशुपालन, आयुष्मान कैशलेस योजना, स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की झलक दिखाई जाएगी।

इसके अलावा मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, अयोध्या दीपोत्सव, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर जैसी योजनाओं और पहलों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन के मुताबिक, इन झांकियों के माध्यम से प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

रामायण के सातों कांडों पर बनेंगी झांकियां

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की ओर से रामायण के सातों कांडों पर आधारित सात झांकियां तैयार की जा रही हैं। इनमें बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किंधाकांड, सुंदरकांड, लंकाकांड और उत्तरकांड शामिल हैं। इन झांकियों के जरिए भगवान राम के जीवन और रामायण की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया जाएगा।

650 से अधिक कलाकार बिखेरेंगे लोक संस्कृति के रंग

अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या के सीईओ आशुतोष द्विवेदी के अनुसार, दीपोत्सव में 14 राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश की 11 टीमें भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। हरियाणा का फाग, केरल का कथककली, राजस्थान का झूमर, पंजाब का भांगड़ा, ओडिशा का संबलपुरी और गाजीपुर का डिबिया नृत्य खास आकर्षण होंगे। पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की लोक कलाओं की प्रस्तुतियां भी देखने को मिलेंगी।

इस आयोजन में 650 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि पहली बार अयोध्या की 16 टीमें रामलीला की प्रस्तुति शोभायात्रा के रूप में निकालेंगी। इससे दीपोत्सव में स्थानीय कलाकारों और रामलीला परंपरा को भी विशेष मंच मिलेगा।

 

Exit mobile version