स्वर्ण से दमकेगा Ram Mandir, शिखर पर होंगी 10 फीट की सोने की परतें…भव्यता और श्रद्धा का होगा प्रतीक

Ram Mandir : राम मंदिर परिसर में राम कथा का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। लगभग 500 फीट लंबी राम कथा पत्थरों पर उकेरी जाएगी, और इसे जल्द ही स्थापित करने की योजना है।

Ram Mandir : अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, दरअसल, राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने गुरुवार को बताया कि वर्तमान में निर्माण कार्य पूरी तेजी से चल रहा है, और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य 15 मार्च तक पूरा होने की संभावना है, साथ ही परिसर में सात अन्य छोटे मंदिरों का निर्माण भी इस समय सीमा तक पूरा कर लिया जाएगा।

निर्माण कार्य में लाई जा रही तेजी

इसके अलावा मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण में गति लाने के लिए श्रमिकों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, अभी श्रमिकों की संख्या में कुछ कमी है, लेकिन इसे तेजी से पूरा करने का प्रयास जारी है। उनकी प्राथमिकता मंदिर निर्माण को समय पर पूरा करने की है, साथ ही सहायक कार्य जैसे विद्युत, अग्नि सुरक्षा और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम भी जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

राम कथा के पत्थरों पर हो रहा है काम

राम मंदिर परिसर में राम कथा का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। लगभग 500 फीट लंबी राम कथा पत्थरों पर उकेरी जाएगी, और इसे जल्द ही स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही अन्य सहायक संरचनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।

शिखर पर स्वर्ण का काम

मंदिर के शिखर की संरचना पर स्वर्ण आच्छादन का कार्य चल रहा है। शिखर का सबसे ऊपरी हिस्सा करीब दस फीट तक स्वर्ण पट्टियों से सुसज्जित होगा। यह कार्य ट्रस्ट की जिम्मेदारी के तहत समय पर पूरा करने की योजना है।मिश्र ने कहा कि निर्माण कार्य संतोषजनक प्रगति पर है। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी कार्य जनवरी के अंत तक श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध हों, ताकि वे मंदिर परिसर और अन्य सहायक संरचनाओं का उपयोग कर सकें।

Exit mobile version