Barabanki News: लोधेश्वर धाम के कॉरिडोर का निर्माण तेज, श्रद्धालुओं को मिलेंगी मिलेगा नवनिर्माण की झलक

बाराबंकी के लोधेश्वर धाम कॉरिडोर का निर्माण तेजी से चल रहा है। परियोजना के तहत प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, क्लॉक रूम, पार्किंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

Barabanki News: उत्तर भारत के प्रसिद्ध शिव तीर्थ लोधेश्वर महादेवा धाम का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जा रहे लोधेश्वर धाम कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

प्रवेश द्वार और परिक्रमा पथ का निर्माण जारी

लोधेश्वर धाम में मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। कार्यदायी संस्था लखनऊ मार्बल इंडस्ट्रीज के जूनियर इंजीनियर आयुष विश्वकर्मा की देखरेख में निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिर के चारों ओर दक्षिण, पश्चिम, उत्तर और पूर्व दिशा में परिक्रमा पथ भी तैयार किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

करीब 5.078 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना के तहत पर्यटन विभाग द्वारा अधिग्रहीत भवनों को हटाकर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार के दाईं ओर पर्यटन विभाग का कार्यालय और आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। वहीं बाईं ओर क्लॉक रूम तैयार किया जाएगा, जहां श्रद्धालु अपने बैग और अन्य सामान सुरक्षित रख सकेंगे।

इमरजेंसी गेट और बड़ी पार्किंग की व्यवस्था

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए दो इमरजेंसी गेट बनाए जाएंगे। इसके अलावा मंदिर के पश्चिमी हिस्से में एक अतिरिक्त प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित है। अभरण सरोवर के उत्तरी भाग में विशाल पार्किंग क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जहां शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

10 प्रतिशत कार्य पूरा, तेजी से आगे बढ़ रहा प्रोजेक्ट

कॉरिडोर का डिजाइन उत्तर प्रदेश जल निगम की कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विस ने तैयार किया है। प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेश के अनुसार परियोजना का लगभग 10 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और आने वाले दिनों में निर्माण कार्य और तेज किया जाएगा। पर्यटन विभाग के सहायक अधिकारी मनीष चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस परियोजना को तय समय में पूरा करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

कॉरिडोर बनने के बाद लोधेश्वर धाम में श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। इससे दर्शन-पूजन की व्यवस्था अधिक सुगम होगी और बाराबंकी का यह प्राचीन शिव धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

Exit mobile version