Bhadohi Incident: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पत्नी से नाराज बताए जा रहे एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
पहले भी की थी कोशिश
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान औराई थाना क्षेत्र के सहसेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय अंकित दूबे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पहले घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के लोगों ने समय रहते उसे रोक लिया था।
मालगाड़ी के आगे कूदा
घटना के बाद परिवार और गांव के लोग अंकित को ढूंढने के लिए गंगा किनारे खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच घर से करीब दो किलोमीटर दूर नुआंव गांव के रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक के मालगाड़ी के सामने कूदकर जान देने की सूचना मिली। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो मृतक की पहचान अंकित दूबे के रूप में हुई।
मुंबई में करता था नौकरी
औराई थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शव माधोसिंह रेलवे स्टेशन के पास नुआंव क्रॉसिंग पर मिला। इसके बाद शव को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंकित मुंबई में रहकर नौकरी करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही अपने घर आया था।
पत्नी को नौकरी छोड़ने को कहा
पुलिस के अनुसार अंकित की पत्नी रागिनी अपने आठ साल के बेटे के साथ गांव में रहती है और एक मॉल में सेल्सगर्ल की नौकरी करती है। अंकित चाहता था कि उसकी पत्नी नौकरी छोड़ दे, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था।
रविवार रात बढ़ा विवाद
रविवार रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में आकर अंकित ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रस्सी से फांसी लगाने की कोशिश की। उसके चाचा रविंद्र दूबे ने दरवाजा तोड़कर उसे बचा लिया और समझाने की कोशिश की।
आवेश में उठाया कदम
पुलिस के मुताबिक देर रात अंकित ने गुस्से में पत्नी और बेटे के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और कमरे को बाहर से बंद कर दिया। वह यह कहकर घर से निकला कि गंगा में कूदकर जान दे देगा। परिवार के लोग सुबह से उसे खोजते रहे, लेकिन कुछ देर बाद ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिली।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
