Site icon News1India

दावत में नहीं बुलाया तो पड़ोसियों ने कर दिया तांडव, पंडाल में लगाई आग और कर दी जमकर पीटाई

Bijnor News

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर कस्बे में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दावत में न बुलाए जाने से नाराज पड़ोसियों ने जमकर उत्पात मचाया। दबंग पड़ोसियों ने पहले गाली-गलौज की फिर मारपीट शुरू कर दी और दावत के लिए लगाए गए पंडाल में आग लगा दी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार को नहटौर कस्बे के मोहल्ला रजब सराय में हुई। मोहल्ले के निवासी अजमल अहमद ने अपने दोस्तों के लिए घर के पास दावत का आयोजन किया था। इसके लिए पंडाल लगाया गया था और कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। लेकिन कुछ पड़ोसियों को इस बात का गुस्सा था कि उन्हें दावत में नहीं बुलाया गया।

दोनों पक्षों में जमकर हुई हाथापाई 

आरोप है कि मोहल्ले (Bijnor News) के जहीन, हसीन, आकिब और आरिश अपने 10-12 साथियों के साथ दावत स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पहले अजमल से गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई कुर्सियां फेंकी गईं और कई कुर्सियां टूट गईं। इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने पंडाल में आग लगा दी।

यह भी पढ़े: मंगेतर के साथ घूमने गई होने वाली दुल्हन की लुट गई दुनिया, 8 लोगों ने किया गैगरेप

देखते ही देखते आग ने पंडाल के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया जिससे कुछ कुर्सियां भी जल गईं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस हंगामे के कारण दावत में आए मेहमानों में भगदड़ मच गई और कई लोग बिना खाना खाए ही लौट गए।

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पीड़ित अजमल हुसैन ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। धामपुर क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के बाद मोहल्ले में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

Exit mobile version