UP Election 2027: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने राजनीतिक चर्चाओं को दिया विराम, किसके नेतृत्व में बीजेपी लड़ेगी चुनाव करा खुलासा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने नेतृत्व को लेकर संकेत दे दिए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और मंत्री मनोज पांडे ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव मैदान में उतरेगी।

bjp up election 2027 yogi leadership chief minister face

UP Election 2027 Preparation:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अभी समय है, लेकिन राजनीतिक गतिविधियां अभी से तेज हो गई हैं। सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा। इसी मुद्दे पर अब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान सामने आया है, जिसने कई अटकलों पर विराम लगाने का काम किया है।

कानपुर कार्यक्रम में दिया स्पष्ट संदेश

कानपुर में आयोजित एक राजनीतिक कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक एवं मंत्री मनोज पांडे शामिल हुए। दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव और भाजपा के नेतृत्व को लेकर खुलकर अपनी राय रखी।
इस दौरान ब्रजेश पाठक ने साफ शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ही पार्टी का चेहरा होंगे और उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा जनता के बीच जाएगी।

योगी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी भाजपा

ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कई विकास कार्य हुए हैं और पार्टी उनके नेतृत्व पर पूरा भरोसा करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 के चुनाव में भी भाजपा योगी के नेतृत्व में ही जनता से समर्थन मांगेगी।
उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं।

मनोज पांडे ने भी दोहराई वही बात

योगी सरकार में मंत्री बने मनोज पांडे ने भी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को जाता है।
मनोज पांडे के अनुसार, प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है और भाजपा आगामी चुनाव भी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेता पूरी मजबूती के साथ उनके नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेंगे।

ब्राह्मण वोटरों को लेकर भी दिया संदेश

राज्य की राजनीति में पिछले कुछ समय से ब्राह्मण समाज की नाराजगी को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। ऐसे माहौल में ब्रजेश पाठक और मनोज पांडे दोनों ने दावा किया कि ब्राह्मण समाज भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा है।
दोनों नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है और आने वाले चुनाव में भी पार्टी को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिलेगा।

चुनावी माहौल होने लगा गर्म

विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन नेताओं के बयानों से साफ है कि राजनीतिक दल अभी से अपनी रणनीति मजबूत करने में जुट गए हैं। भाजपा की ओर से आए इन बयानों ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि पार्टी फिलहाल योगी आदित्यनाथ को ही अपना सबसे बड़ा चेहरा मानकर आगे बढ़ रही है।

Exit mobile version