Site icon News1India

चुनावों के बीच हाथरस में बीजेपी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, घर के अंदर मिला शव

हाथरस: हाथरस में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने पोलिंग बूथ के पास भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, हत्या का कारण सामने नहीं आ पाया है। भाजपा के मृत कार्यकर्ता की पहचान 25 साल के कृष्णा यादव के रूप में हुई है। मामले की जानकारी के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, सिकंदर राव विधानसभा क्षेत्र के गौसगंज मोहल्ला में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। जीएस हिंदू इंटर कॉलेज के पास कृष्णा यादव का घर है जहां पास में ही मतदान केंद्र भी बनाया गया है। कृष्णा घर के अंदर मृत पाया गया।

कृष्णा यादव की बहन पूजा यादव के अनुसार, अपराधियों ने कृष्णा के सिर में गोली मारी है। फिलहाल, हत्या का कारण और आरोपी का अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की जांच पड़ताल में घटनास्थल के पास हथियार भी बरामद हुआ है। उधर, भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। फिलहाल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू कर लिया है। साथ ही भाजपा कार्यकर्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Exit mobile version