Site icon News1India

सुशासन और विकास द्वारा राष्ट्र का पुनर्निमाण भाजपा का लक्ष्य: नितिन गड़करी

कानपुर देहात। केन्द्रीय सड़क परिवहन एव राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने रविवार को कहा कि सुशासन व विकास के द्वारा राष्ट्र का पुनर्निमाण हमारा लक्ष्य है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो सामाजिक आर्थिक चिन्तन दिया वह अन्त्योदय के रूप में सबके सामने आया। दीनदयाल जी के भाव को पूरा करने के लिए हम देश के लिए समाज के लिए गांव गरीब किसान के लिए हम कैसे उपयोगी हो सकते हैं। यह काम हमें सत्ता में रहते हुए करना चाहिए।

केन्द्रीय मंत्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती एवं अकबरपुर लोकसभा सांसद देवेंद्र सिंह की माता स्व0 कनकरानी जी की छटवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

नितिन गड़करी ने कहा कि दीनदयाल जी एक आदर्श कार्यकर्ता थे। उनके द्वारा दिया गया एकात्म मानववाद का मंत्र हमारी जीवननिष्ठा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने गरीब, शोषितों पिछड़ों एवं दलित लोगों के उत्थान के लिए अपना जीवन निछावर किया।

गड़करी ने कहा कि सरकार गरीब जनता के लाभ के लिए अनेकों योजनाएं संचालित कर रही हैं। जिसका लाभ सीधे गरीब जनता को मिल रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सहित कानपुर देहात जनपद में विकास हेतु सांसद द्वारा उनके समक्ष रखे गए अनेकों प्रस्तावों को पारित किए, जिससे यहां की जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस पुण्यतिथि तिथि पर अब हमारा किसान अन्न दाता नही अब किसान ऊर्जा दाता बनेगा। उन्होंने नई तकनीकी से हाइड्रोजन, बायो सीएनजी व बायो इथेनॉल उत्पन्न करने की विधि तथा पराली प्रबंधन से ऊर्जा के स्त्रोतों को साझा करते हुए सांसद को नई तकनीकी उपलब्द्ध कराने के लिए आमंत्रित भी किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र सिंह चौधरी द्वारा कानपुर देहात जनपद के कंचौसी बाजार स्थित दर्शन सिंह स्मृति महाविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस मौके पर उन्होंने सबसे पहले सांसद देवेंद्र सिंह भोले की स्वर्गीय माता पिता के चित्र व पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित किया। इस मौके पर वृद्धजनों, पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त शिक्षकों, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं आदि को सम्मानित भी किया। इस मौके पर सांसद, विधायक आदि जनप्रतिनिधि गण एवं भारी संख्या में जनता उपस्थित रही।

Exit mobile version