बुलंदशहर के जंगल में देवर-भाभी और मासूम की लाश,अवैध रिश्तों की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार सुबह एक पुरुष, महिला और बच्ची के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले को अवैध संबंध और संदिग्ध आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है।

Bulandshahr News:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नेहरूपुर गांव के पास स्थित जंगल में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक छोटी बच्ची शामिल है।
मृतकों की पहचान सरल सरकार, देवी सरकार और सावंती के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

देवर-भाभी के अवैध संबंधों की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि मृतक महिला देवी सरकार और उसके देवर सरल सरकार के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध थे। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर फोन पर लंबी बातचीत होती थी, जिसका देवी के पति विरोध करता था।
जानकारी के मुताबिक 11 मार्च को देवी का अपने पति से इसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद देवी ने अपने देवर सरल को फोन कर बुलाया और उसके साथ चली गई। इसके बाद से तीनों लापता थे।

पेड़ से लटका मिला महिला का शव

पुलिस के अनुसार नेहरूपुर गांव के जंगल में महिला का शव एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला, जबकि युवक और बच्ची के शव पेड़ के नीचे जमीन पर पड़े मिले। इस दृश्य को देखकर इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।
मौके से पुलिस को दो टूटे हुए मोबाइल फोन, चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक की बोतलें और फल समेत खाने-पीने का सामान भी मिला है। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड से पहले खाने-पीने की आशंका

पुलिस का अनुमान है कि मौत से पहले तीनों ने कोल्ड ड्रिंक और चिप्स का सेवन किया था। आशंका जताई जा रही है कि चिप्स में किसी जहरीले पदार्थ को मिलाकर खाया गया हो। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।

पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और खुर्जा में किराए के मकान में रहकर एक पॉटरी यूनिट में काम करते थे।
एसएसपी ने बताया कि तीन शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने देवी के पति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।

Exit mobile version