Site icon News1India

Road Accident: बुलंदशहर में दर्दनाक सड़क हादसा, बस-डंपर की टक्कर में बच्ची सहित महिला की मौत; 24 घायल

Bulandshahr Road Accident: शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस बुलंदशहर के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में शिकारपुर कट के पास हादसे का शिकार हो गई। पुलिस के मुताबिक बस आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो की मौत

हादसे में राधिका नाम की 9 वर्षीय बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं 32 वर्षीय बबली की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। दुर्घटना के बाद काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

24 लोग घायल

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, दुर्घटना में कुल 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है।

अधिकारियों ने लिया जायजा

हादसे की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारी कैलाश अस्पताल भी पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्क्रैपिंग में यूपी आगे

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश ने वाहन स्क्रैपिंग नीति लागू करने के मामले में देश में पहला स्थान हासिल किया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक देशभर में स्क्रैप किए गए पुराने वाहनों में यूपी की हिस्सेदारी करीब 48.5 प्रतिशत है। सरकार का फोकस पुराने, अनफिट और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को वैज्ञानिक तरीके से हटाने के साथ-साथ स्क्रैप सामग्री के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर है।

Exit mobile version