कुशीनगर। जनपद के नेबुआ नौरंगिया में भुजौली शुक्ल गांव में देररात को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर के जरिए कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला। जिसमें 6 यात्रियों की मौत हो गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कुशीनगर में देररात पडरौना से खड्डा की ओर जा रही कार भुजौली शुक्ल के पास अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ से जा भिड़ी। कार की स्पीड अधिक थी, जिसके कारण उसके परखच्चे उड़ गए। कार की आगे वाली सीट पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान तीन ने दम तोड़ दिया। दो घायलों को इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार को गैस कटर से कटवा कर शवों को निकलवाया। घटनास्थल से एक आधार कार्ड मिला है, जिसमें भीम लक्ष्मण यादव पता मुंबई ठाणे दर्ज है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गैस कटर की मदद से शवों को निकाला गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार बरात में शामिल होने खड्डा जा रहे थे। कार की रफ्तार तेज थी। अंधेरा होने के चलते चालक पेड़ को नहीं देख पाया और कार की टक्कर हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में नरायनपुर चरगहां गांव के हरेंद्र मद्धेशिया, रंजीत मद्धेशिया, ओमप्रकाश मद्धेशिया , मुकेश मद्धेशिया एक ही परिवार के हैं। भीम यादव पड़ोसी हैं। एक की पहचान नहीं हो सकी है। घायल बजरंगी अहारौली बाजार थाना के अहिरौली भठही के तो राजकिशोर नरायनपुर चरगहां के रहने वाले हैं। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के वक्त मौके पर अंधेरा था। इसी के चलते राहत-बचाव कार्य में देरी हो गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही है। कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्र ने पुष्टि की कि हादसे में छह लोगों की मौत और दो के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। इस घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर ट्रैफिक भी बाधित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल कराया।