Site icon News1India

CM Yogi ने जनता दर्शन में कैंसर पीड़ितों को दिलाया इलाज का भरोसा और राजस्व मामलों के समय पर होने के दिए निर्देश

Uttar Pradesh के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष और तय समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए तथा कार्रवाई के बाद पीड़ितों से संपर्क कर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।

फरियादियों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक मामले का गंभीरता से समाधान किया जाए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर घर जाएं, सरकार उनकी समस्याओं का उचित समाधान कराएगी।

कैंसर पीड़िता को इलाज का आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान बरेली से आई एक महिला ने कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनसे अस्पताल का उपचार अनुमान (एस्टिमेट) उपलब्ध कराने को कहा। जब महिला तत्काल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकीं तो मुख्यमंत्री ने उन्हें अस्पताल से एस्टिमेट मंगवाने की सलाह दी।

उन्होंने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें और इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

राजस्व मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर

जनता दर्शन में राजस्व विवादों से जुड़े कई मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व न्यायालयों में नियमित रूप से बैठकर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर फैसले होने से आम लोगों, विशेषकर गरीब वादकारियों को शीघ्र न्याय मिलता है।

अधिकारियों को जवाबदेही निभाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जरूरतमंदों को समय पर न्याय दिलाना है। इसलिए राजस्व और प्रशासनिक अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और लंबित मामलों का जल्द समाधान सुनिश्चित करें।

Exit mobile version