Etawah Road Accident:उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दिल्ली जा रही एक निजी डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
आईटीआई ओवरब्रिज के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कानपुर-इटावा-आगरा हाईवे पर आईटीआई ओवरब्रिज के पास हुई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे पहले से एक दुर्घटनाग्रस्त ट्रक खड़ा था। इसी दौरान वाराणसी से दिल्ली जा रही निजी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और बचाव दल ने राहत कार्य शुरू कर दिया।
चालक और परिचालक की मौके पर मौत
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अभय नारायण राय ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का केबिन पूरी तरह दब गया। चालक प्रेम (35) और परिचालक दीपक (21) केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
27 यात्री अस्पताल में भर्ती
बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे में 27 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
झपकी आने से हुआ हादसा होने की आशंका
थाना प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि बस चालक को शायद झपकी आ गई थी, जिसकी वजह से बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को हाईवे से हटवा दिया है। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
