फर्रुखाबाद में दो अजीब घटनाओं ने मचाया हड़कम, टावर पर चढ़ा युवक, दूसरे ने खुद को बताया आतंकवादी, पुलिस ने दिखाया सख्त एक्शन

फर्रुखाबाद में 24 घंटे में दो अजीब घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया,एक युवक पत्नी की जिद में टावर पर चढ़ा, तो दूसरे ने खुद को आतंकवादी बताया। पुलिस ने दोनों मामलों में सख्त कार्रवाई की।

Farrukhabad viral incidents

Farrukhabad viral incidents:उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में बीते 24 घंटों के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इन घटनाओं ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को हैरान किया, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से सुर्खियां बटोरीं। एक तरफ घरेलू विवाद में युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी, वहीं दूसरी ओर एक युवक ने खुद को ‘आतंकवादी’ बताकर माहौल गरमा दिया।

पत्नी की जिद में हाई टेंशन टावर पर चढ़ा युवक

जहानगंज थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रवि नाम का युवक अचानक हाई टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह करीब 50 फीट की ऊंचाई तक पहुंच गया।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची। युवक लगातार अपनी पत्नी को बुलाने की मांग करता रहा। उसकी मां और पुलिसकर्मियों ने घंटों समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही।

‘मैं आतंकवादी हूं’,वीडियो से मचा बवाल

फर्रुखाबाद में ही दूसरी घटना ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी। एक युवक का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह खुद को आतंकवादी बताता नजर आया। वीडियो में वह फिल्मी अंदाज में चुनौती देता दिख रहा था।
वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और युवक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार की और लिखित माफी भी मांगी। इसके बावजूद पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।

पुलिस की सख्त चेतावनी

इन दोनों घटनाओं के बाद फर्रुखाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि इस तरह की हरकतें—चाहे स्टंट के रूप में हों या सोशल मीडिया पर—बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जान को खतरे में न डालें और न ही किसी तरह की भड़काऊ या देशविरोधी गतिविधियों में शामिल हों। भविष्य में ऐसे मामलों में और कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Exit mobile version