Site icon News1India

गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में हीट वेव वार्ड तैयार, प्रशासन अलर्ट, बुखार-डायरिया के मरीज बढ़े

Ghazipur News

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में बढ़ते तापमान और हीट वेव की आशंका को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बीच मेडिकल कॉलेज में 10 बेड का विशेष हीट वेव वार्ड स्थापित किया गया है जिसमें चार एयर कंडीशनर और अन्य आवश्यक उपकरण मौजूद हैं। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आनंद मिश्रा ने बताया कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बेड और एसी वार्ड की व्यवस्था भी की जा सकती है।

हालांकि, अभी तक हीट वेव का गंभीर प्रभाव नहीं दिखा है, लेकिन गर्मी के कारण बुखार, डायरिया और पेट दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्रतिदिन 15 से 20 मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें अधिकांश को बुखार और डायरिया की शिकायत है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाएं, दवाइयां और सभी प्रकार की जांच उपलब्ध हैं। जिला अस्पतालों में भी मरीजों के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यह भी पढ़े: मोदी की स्टाइल में नजर आए पाक पीएम, ‘देशभक्ति’ की नौटंकी पर खुला झूठ का पर्दा

डॉ. मिश्रा ने लोगों से हीट वेव से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और खानपान का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा, “लोगों को गर्मी में सतर्क रहना चाहिए। सफेद या हल्के रंग के कपड़े और लगातार हाइड्रेशन से हीट वेव के प्रभाव को कम किया जा सकता है।”

मेडिकल कॉलेज प्रशासन (Ghazipur News) ने हीट वेव से निपटने के लिए अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया है। डॉ. मिश्रा ने आश्वासन दिया कि मरीजों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं और प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। गाजीपुर में स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से गर्मी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई है।

 

Exit mobile version