Hardoi Crime: संयम का ज्ञान देने वाले कथा वाचक ने क्यों पत्नी को मारी गोली , इलाज के दौरान लखनऊ में हुई मौत

हरदोई के मिश्रीपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति ने लाइसेंसी रायफल से पत्नी को गोली मार दी। गंभीर हालत में लखनऊ रेफर महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी पति फरार है।

Hardoi Wife Shooting Case

Hardoi Wife Shooting Case:हरदोई के शाहाबाद क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे किसान और कथावाचक दुर्गा प्रसाद का पत्नी दुर्गावती से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दुर्गा प्रसाद ने घर में रखी लाइसेंसी रायफल से पत्नी पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से दुर्गावती गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिवार में मची चीख-पुकार

गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल दुर्गावती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद लेकर पहुंचे। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

लखनऊ में मौत

लखनऊ में उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर दुर्गावती ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी। घटना के बाद आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

बेटे ने दर्ज कराया केस

दुर्गावती के बेटे की तहरीर पर शाहाबाद पुलिस ने आरोपी पिता दुर्गा प्रसाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शाहाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय के मुताबिक महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगाई गई हैं और उसकी तलाश लगातार जारी है।

चार बच्चों की मां

दुर्गा प्रसाद और दुर्गावती के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना के समय एक बेटा घर पर मौजूद था। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया कि शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी को गोली मारने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना की वजह और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं को स्पष्ट किया जाएगा।

Exit mobile version