IIT pass out बना फर्जी बाबा, धर्म और प्रवचन की आड़ में कैसे लड़कियों को बनाता था शिकार, मथुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

मथुरा पुलिस ने एक फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन प्रवचन देकर पढ़ी-लिखी लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी पर यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और पैसों की उगाही जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।

IIT Baba Sexual Exploitation Case

 Mathura Crime :मथुरा में पुलिस ने एक ऐसे फर्जी बाबा को गिरफ्तार किया है, जो धर्म और अध्यात्म का सहारा लेकर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी का नाम अभिषेक मिश्रा है, जो खुद को आदिकर्ता नारायण दास बताता था। एक पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िताओं की तलाश जारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितनी लड़कियों को अपना शिकार बनाया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने कई पढ़ी-लिखी लड़कियों को गंधर्व विवाह का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उनकी तस्वीरों तथा वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता रहा।

आईआईटी से की थी पढ़ाई

अभिषेक मिश्रा ओडिशा का रहने वाला है। उसने साल 2017 से 2021 के बीच से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। कम उम्र में ही उसने खुद को आध्यात्मिक गुरु के रूप में पेश करना शुरू कर दिया था।

वीडियो के जरिए बनाता था भक्त

आरोपी ने “राधा कृपा अमृता” नाम से एक यूट्यूब चैनल भी बना रखा था। इस चैनल पर वह हिंदी और अंग्रेजी में धार्मिक प्रवचन देता था। पुलिस के अनुसार, इन्हीं वीडियो के जरिए वह लोगों का भरोसा जीतता था और खासकर पढ़ी-लिखी तथा इंजीनियरिंग की छात्राओं को निशाना बनाता था।

ब्रेनवॉश कर अपने पास बुलाता था

पिछले चार वर्षों से मथुरा के राधाकुंज इलाके में रह रहा आरोपी पहले लड़कियों से ऑनलाइन संपर्क करता था। धीरे-धीरे वह उनका भरोसा जीतता और फिर उन्हें परिवार से दूर होकर उसके साथ रहने के लिए तैयार कर लेता था। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ करीब 24 लड़के और लड़कियां भी रह चुके हैं, हालांकि समय के साथ कई लोग उसकी गतिविधियों से परेशान होकर वहां से चले गए।

नशा देकर बनाता था वीडियो

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लड़कियों को प्रसाद के नाम पर नशीला दूध देता था। इसके बाद वह उनका यौन शोषण करता और वीडियो बना लेता था। बाद में इन्हीं वीडियो का इस्तेमाल करके उन्हें डराने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।

रेप का मुकदमा दर्ज

मथुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से कुछ युवतियों की तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है और अन्य संभावित पीड़िताओं की पहचान भी की जा रही है।

पैसों की उगाही का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने साथ रहने वाले युवक-युवतियों के परिवारों से पैसे भी मांगता था। इतना ही नहीं, वह आसपास रहने वाली लड़कियों को भी अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया।

Exit mobile version