IMD Weather Alert : दिल्ली-NCR का मौसम एक बार फिर बदल गया है। बता दें, कि बुधवार रात यानी ( 22 जनवरी ) को हुई बारिश ने लौटती सर्दी को फिर से बुला लिया है। झमाझम बारिश के बाद गुरुवार सुबह 5:30 बजे तक दिल्ली में विजिबिलिटी शून्य रही। तो वहीं मौसम विभाग ने भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। बता दें, कि गुरुवार को दिल्ली में बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, 24 जनवरी की सुबह भी मध्यम कोहरा रहेगा और बादल छाए रहेंगे। इसके अलावा सुबह हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम या रात में हल्की धुंध देखी जा सकती है।
जनवरी का दूसरा सबसे गर्म दिन
बुधवार को दिल्ली में इस जनवरी का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दिन अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था। इससे पहले 19 जनवरी को 26.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। हवा में नमी का स्तर 55 से 100 प्रतिशत के बीच रहा।
तापमान और मौसम का हाल
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। 24 से 28 जनवरी तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस दौरान मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री तक रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर भारत में तापमान 1-2 दिन तक बढ़ा। हालांकि, 24 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी और ठंड फिर से बढ़ेगी। साथ ही घने कोहरे की स्थिति भी बन सकती है।
वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
दिल्ली में स्मॉग के चलते हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह 7 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 321 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
इन राज्यों में बारिश और कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में आज बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।