Site icon News1India

IPL Auction 2022: 590 खिलाड़ियों की बजाय अब 600 खिलाड़ियों की होगी नीलामी, ऑक्शन में यूपी के 26 खिलाड़ियों को किया गया शामिल

लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए मेगा ऑक्शन 12 और 13 फरवरी को होना है। ऑक्शन में हर बार की तरह उत्तर प्रदेश के 26 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें 23 नए खिलाड़ी शामिल हैं। मेरठ के समीर रिजवी और सहारनपुर के आकिब खान मात्र 18 साल के हैं। सभी खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइची की नजर रहेगी। ऑक्शन लिस्ट में नाम आने पर खिलाड़ी भी उत्साहित हैं।

उत्तर प्रदेश के इन खिलाड़ियों पर नजर

ऑक्शन में शामिल 16 खिलाड़ियों का बेस प्राइज 20 लाख रुपए रखा गया है। इस सूची में आगरा के ध्रुव जुरैल, मेरठ के समीर रिजवी, काशी के यशोवर्धन सिंह, सहारनपुर के आकिब खान, यश दयाल प्रयागराज, वासु वत्सु सहारनपुर, आर्यन जुआल मुरादाबाद, मोहसिन खान संभल, जीशान अंसारी लखनऊ, सौरभ कुमार मेरठ, संदीप कुमार तोमर मेरठ, जशमेर धनखड़, अमित मिश्रा कानपुर, मोहित जांगड़ा, शिवम शर्मा, पूर्णक त्यागी पर फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी।

उत्तर प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ी

आईपीएल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा पहले ही मनवा चुके हैं। आईपीएल में सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, पीयूष चावला, कुलदीप यादव, प्रवीण कुमार अपनी धाक जमा चुके हैं। इनके अलावा आगरा शहर के चाहर बंधु दीपक चाहर और राहुल चाहर भी आईपीएल खेलते-खेलते इंडियन क्रिकेट टीम का हिस्सा बन गए।

लखनऊ की टीम भी पहली बार ले रही है हिस्सा

उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए अच्छी बात ये है कि इस बार आईपीएल में उत्तर प्रदेश के लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम भी होगी। लखनऊ की फ्रेंचाइची की नजर उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों पर रहेगी। ऐसे में इन खिलाड़ियों के अच्छे दामों में खरीदने जाने की उम्मीद है।

आखिरी बार मेगा ऑक्शन का आयोजन 2018 में हुआ था। उस समय 8 टीमों ने ऑक्शन में हिस्सा लिया था। इस बार 10 टीमें ऑक्शन का हिस्सा होंगी। BCCI की पहली लिस्ट में 590 खिलाड़ियों के नाम थे, लेकिन ऑक्शन से ठीक पहले 10 और खिलाड़ियों को जोड़ा गया है। अब 590 खिलाड़ी नहीं 600 खिलाड़ी नीलामी का हिस्सा होंगे।

Exit mobile version