Mumbai Murder Case: 26 महीने से लापता की थीं तलाश, फार्महाउस में हुई खुदाई, कब्र से निकला कंकाल

जौनपुर की नेहा 26 महीने से लापता थी। हाई कोर्ट के आदेश पर पुलिस मुंबई पहुंची और प्रेमी की निशानदेही पर फार्महाउस की खुदाई कराई। यहां कंकाल मिला, जिसकी पहचान के लिए डीएनए जांच होगी।

Jaunpur Neha Murder Case

Jaunpur Neha Murder Case:जौनपुर के सिकरारा क्षेत्र के भरसवां गांव से 26 महीने पहले लापता हुई 20 वर्षीय नेहा की तलाश में पुलिस को मुंबई में अहम सुराग मिला है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मंगलवार को मुंबई के दायघर थाना क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान वहां से एक कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने कंकाल के अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। अब डीएनए टेस्ट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि बरामद कंकाल नेहा का ही है या नहीं।

शादी के बाद गायब

शोभनाथ बिंद ने अपनी बेटी नेहा की शादी राजस्थान के कोटा जिले के भरत नाम के युवक से की थी। शादी के करीब पांच दिन बाद परिवार ने नेहा को विदा कराकर मायके बुला लिया था। इसके बाद 25 जून 2024 को वह अचानक लापता हो गई। नेहा की मां भगना देवी ने पुलिस को शिकायत देकर गांव के अरविंद बिंद, उसके पिता राम आसरे, मां सोना देवी, भाई अरुण और महराजगंज क्षेत्र के उमरी गांव निवासी रिश्तेदार राज कुमार बिंद पर अपहरण की साजिश का आरोप लगाया।

मां ने लगाए आरोप

पुलिस से कार्रवाई न होने पर भगना देवी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को आरोपी मुंबई ले गए हैं। उनका दावा था कि नेहा ने फोन पर बताया था कि उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बाद में उसका फोन आना बंद हो गया। तीन जनवरी 2025 को जब मां ने अरविंद से फोन पर संपर्क किया तो आरोप है कि उसने नेहा की हत्या करने की बात कही और कहा कि जो करना है कर लो। चार जुलाई 2025 को न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

हाई कोर्ट ने दिए आदेश

मामला जिला न्यायालय में चल रहा था, लेकिन करीब छह महीने पहले भगना देवी ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जौनपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह और सिकरारा थाना प्रभारी को नेहा को जिंदा या मुर्दा अदालत के सामने पेश करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। जांच में सामने आया किअरविंद मुंबई के जिस फार्महाउस में काम करता था, वहीं नेहा को ले जाया गया था और कथित तौर पर वहीं दफन किया गया।

निशानदेही पर खुदाई

एसपी के निर्देश पर उपनिरीक्षक राम नेवास के नेतृत्व में पुलिस टीम मुंबई पहुंची। टीम ने अरविंद बिंद को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर दायघर थाना क्षेत्र के फार्महाउस में खुदाई कराई। मुंबई पुलिस की मदद से उस स्थान को खोदा गया, जहां अरविंद ने नेहा के शव को दफनाने की बात बताई थी। यहां कंकाल मिलने के बाद पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। डीएनए जांच से कंकाल की पहचान की जाएगी।

बार-बार बदलता रहा बयान

पूछताछ के दौरान अरविंद ने पुलिस को कई अलग-अलग बातें बताईं। उसने कहा कि नेहा उससे प्रेम करती थी और मुंबई आने के बाद भी परिवार से फोन पर बात करती थी। उसके मुताबिक, रोकने पर नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अन्य बयान में उसने बताया कि छत से गिरने के कारण उसकी मौत हुई। अरविंद ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के डर से उसने फार्महाउस में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया। गांव के लोगों के अनुसार, नेहा और अरविंद के बीच पहले से प्रेम संबंध था और दोनों कई बार घर से भाग चुके थे। पंचायत और परिवार के दबाव के बाद नेहा की शादी कर दी गई थी।

Exit mobile version