Site icon News1India

Fortuner Crash : कानपुर में फॉर्च्यूनर डिवाइडर पार कर टैंकर से टकराई, कारोबारी की मौत, कार में फंसा रहा चालक

Kanpur Fortuner Tanker Accident

Kanpur Fortuner Tanker Accident:कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली मोड़ के पास एक फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे गैस टैंकर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में फॉर्च्यूनर चला रहे कारोबारी पंकज अग्रवाल की मौत हो गई।

टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक पंकज अग्रवाल चकेरी के रामादेवी स्थित अपने घर से फतेहपुर के चौडगरा जा रहे थे। वहां उनकी कत्था फैक्ट्री बताई गई है। महोली मोड़ के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़ने के बाद कई बार पलटते हुए दूसरी तरफ जा पहुंची। उसी समय सामने से आ रहे गैस टैंकर से उसकी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कारोबारी कार के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

कार काटकर बाहर निकाला

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कारोबारी को कार से बाहर निकाला। इसके लिए कार के शीशे तोड़े गए और आगे का क्षतिग्रस्त हिस्सा काटना पड़ा। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हाईवे पर लगा जाम

हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर और टैंकर के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और वाहनों को हटाने की कार्रवाई की।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के मुताबिक हादसे की प्राथमिक जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती तौर पर फॉर्च्यूनर के अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करने की बात सामने आई है। हादसे की परिस्थितियों और वाहन की स्थिति की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

Exit mobile version