News1India

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा से पहले रोडवेज यात्रियों को झटका, इन रूटों पर बढ़ा बस किराया

Kanwar Yatra 2026:  सावन माह और कांवड़ यात्रा 2026 को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने प्रयागराज से पूर्वांचल जाने वाली कई रोडवेज बसों का रूट अस्थायी रूप से बदल दिया है। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था 30 जुलाई तक लागू रहेगी। रूट डायवर्जन के कारण बसों को लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा, जिसका सीधा असर यात्रियों के किराये पर भी पड़ेगा।

वाराणसी और गोरखपुर जाने वाले यात्रियों पर असर

रूट बदलने के बाद प्रयागराज से वाराणसी जाने वाली बसों की दूरी 126 किलोमीटर से बढ़कर 144 किलोमीटर हो जाएगी। इसके चलते साधारण बस का किराया 197 रुपये से बढ़कर 225 रुपये कर दिया गया है। यानी यात्रियों को 28 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।

इसी तरह प्रयागराज से गोरखपुर जाने वाली बसों की दूरी 294 किलोमीटर से बढ़कर 303 किलोमीटर हो जाएगी। इस रूट पर यात्रियों को पहले 428 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन अब किराया बढ़कर 440 रुपये हो गया है। इसके अलावा जौनपुर, आजमगढ़, शाहगंज, टांडा, गाजीपुर और देवरिया जाने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त किराया देना होगा।

फाफामऊ पुल से संचालित होंगी बसें

यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान झूंसी पुल से रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। सभी बसों को फाफामऊ स्थित चंद्रशेखर आजाद सेतु के रास्ते भेजा जाएगा। इससे यात्रा की दूरी और समय दोनों बढ़ेंगे, जिसके कारण किराये में संशोधन किया गया है।

यात्रा से पहले करें योजना

रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले बसों के रूट और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़भाड़ की वजह से यात्रा में अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version