Kanwar Yatra: सीएम योगी ने कहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता, कांवड़ मार्गों पर CCTV-ड्रोन से होगी निगरानी

सीएम योगी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शराब-मांस की दुकानें बंद रखने, दुकानों पर संचालक का नाम लिखने, CCTV-ड्रोन निगरानी बढ़ाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा-सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Kanwar Yatra Safety First: लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कांवड़ महापर्व के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के मार्ग में पड़ने वाली शराब और मांस की दुकानें बंद रखी जाएं। इसके साथ ही दुकानों और रेस्टोरेंट के बाहर संचालक का नाम स्पष्ट अक्षरों में लिखा होना चाहिए। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने और खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

सभी जोन में व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि श्रावण मास के दौरान होने वाली कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बरावफात और रक्षाबंधन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं की ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की कार्ययोजना को प्रदेश के दूसरे जोनों में भी लागू करने का निर्देश दिया, ताकि पूरे प्रदेश में एक समान और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

मार्गों पर विशेष ध्यान

योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। रुहेलखंड, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। इसलिए हर जिले में सुरक्षा और सुविधाओं का स्तर समान होना चाहिए। कांवड़ मार्गों की खराब सड़कों की समय से मरम्मत कराने, पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई के नियम का पालन कराने के लिए हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय रखा जाए। स्थानीय प्रशासन कांवड़ संघों से भी नियमित संवाद बनाए रखे।

स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ शिविरों के संचालकों का सत्यापन समय से पूरा किया जाए और तैयारियों की पहले से समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को पूरी तैयारी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा शिविर प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं और वहां जरूरी दवाओं के साथ एंटी वेनम तथा एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो। प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित चेंजिंग रूम बनाने को कहा गया। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए भजन और संगीत के साथ जरूरी सूचनाओं का नियमित प्रसारण करने के निर्देश भी दिए गए।

CCTV से निगरानी

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने और किसी भी तरह की अराजकता या सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं का तत्काल खंडन करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाकर सामाजिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और अधिकारी पूरे आयोजन के दौरान खुद भी क्षेत्र में गश्त करते रहें।

घाटों पर पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री ने नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने को कहा। संभावित बाढ़ और कटान वाले क्षेत्रों में पहले से सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही VIP आवागमन से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी पहले से उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आम श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो। योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी यात्रा के दौरान प्रशासन सजग और संवेदनशील रहे तथा श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न होने पाए।

Exit mobile version