मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रमण पर आए कर्नाटक के प्रतिनिधिमंडल दल से बृहस्पतिवार को अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने माला पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के मध्य बहुत घनिष्ठ संबंध हैं। यह घनिष्ठ संबंध इस रूप में है कि कर्नाटक में भगवान श्री मंजूनाथ की परंपरा, नाथ संप्रदाय की शैव परंपरा को ही आगे बढ़ाती है और एक दूसरे को सुदृढ़ आध्यात्मिक भारत के साथ जोड़ती है।
योगी बोले भगवान हनुमान भी कर्नाटक से थे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अपने सरकारी आवास पर कर्नाटक के उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री सीएन अश्वथ नारायण के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल को संबोधित किया। उन्होंने कहा हनुमान कर्नाटक के रहने वाले थे। भगवान श्रीराम उन्हें जब अयोध्या लेकर आये तबसे वह हनुमानगढ़ी में विराजते हुए अयोध्या की सुरक्षा का प्रभार संभालते हैं।
कर्नाटक में भगवान श्री मंजूनाथ की परम्परा, नाथ सम्प्रदाय की शैव परम्परा को ही आगे बढ़ाती है और एक-दूसरे को सुदृढ़ आध्यात्मिक भाव के साथ जोड़ती है।
योगी ने की पीएम की तारीफ…
500 साल से जो नहीं हो सका वह आज हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले कोई भी अयोध्या नहीं जाना चाहता था, लोगों को डर लगता था कि कहीं उन पर कोई दाग न लग जाए। लेकिन अपनी विरासत के प्रति गौरव और आस्था के प्रति सम्मान का भाव ही है कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल अयोध्या आये बल्कि अयोध्या को उसके पुरातन आभा से मंडित भी कर रहे हैं। आज जनभावनाओं के अनुरूप प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में श्रीरामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हो रहा है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनकर तैयार हुआ है।
उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का संबंध रामायणकालीन से
कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री सी.एन. अश्वत्थ नारायण बोले भगवान की राम की जन्म भूमि आगमन हमारे लिए सौभाग्य की बात। उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का संबंध रामायणकालीन से है। आज जब शताब्दियों के इंतज़ार के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हो रहा है तो कर्नाटक का हर नागरिक उत्साहित है। अयोध्या दर्शन के अपने अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए उन्होंने कहां की प्रतिनिधिमंडल में शामिल हर व्यक्ति अपने साथ अयोध्या की मिट्टी प्रसाद के रूप में ले जा रहा है। रामनगर जिले में निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर में भी इस मिट्टी का उपयोग करेंगे।
कर्नाटक सिल्क, मिल्क और आम के लिए प्रसिद्ध
माननीय मंत्री अश्वत्थ नारायण ने कहा योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के संबंधों में प्रगाढ़ता आई है। कर्नाटक के रामनगर जनपद सिल्क, मिल्क और आम के लिए प्रसिद्ध है। कर्नाटक राज्य आईटी हब के साथ ही पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
‘जय सिया राम और भारत माता की जय’ के नारों से किया अभिवादन
प्रतिनिधिमण्डल में कर्नाटक के बेंगलुरु और रामनगर जिलों के निवासी शामिल थे, जिनमें बड़ी संख्या युवाओं की थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने सामने देखकर अभिभूत युवाओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन ‘जय-जय सिया राम और भारत माता की जय’ के नारों से किया।