Kasganj storm accident tragedy: कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। नवादा गांव के पास पेड़ की भारी डाल टूटकर बाइक पर गिर गई, जिससे सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
मृतकों की पहचान हुई
मृतकों की पहचान संजू (20) और आरती (22) निवासी गजौरा थाना क्षेत्र सुन्नगढी के रूप में हुई है। दोनों अपने परिजनों के साथ रिश्तेदार के यहां गेहूं की फसल काटकर लौट रहे थे। किसी को क्या पता था कि घर की ओर लौटता यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
कैसे हुआ हादसा
जैसे ही वे नवादा गांव के पास पहुंचे, अचानक तेज आंधी चली और देखते ही देखते एक पेड़ की भारी डाल आगे चल रही बाइक पर आ गिरी। इस भयावह हादसे में संजू और उसकी बहन आरती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो अन्य भी घायल
पीछे चल रही दूसरी बाइक पर सवार शिव सागर (25) और संध्या (14) निवासी गजौरा थाना सुन्नगढी भी इस हादसे की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले कासगंज जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
डोली से पहले उठेगी अर्थी
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि आरती की 26 अप्रैल को शादी होने वाली थी। घर में जहां शादी के गीत गूंज रहे थे, वहीं अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। जिस बेटी के हाथों में कुछ दिनों बाद मेंहदी लगनी थी, आज उसी की अर्थी उठ गई।
परिवार के मुखिया अशोक, जो एक साधारण किसान हैं, के आठ बच्चों में से दो की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। गांव में हर आंख नम है और हर दिल इस दर्दनाक हादसे से दहला हुआ है

