UP Accident: कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके से हुई 11 लोगों की मौत; मृतकों के परिजनों को मिलेगी इतनी राशि की मदद

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद हुए कई धमाकों में 11 लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को राहत-बचाव और इलाज के निर्देश दिए हैं।

UP Accident: कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित मनौरी बाजार में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इसके बाद एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। हादसा इतना भीषण था कि फैक्ट्री के साथ आसपास की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।

अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके को घेरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे में लोगों की तलाश जारी

धमाकों के कारण फैक्ट्री का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं। इसके चलते मलबा हटाकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल को किसी व्यक्ति के मिलने पर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर शोक जताया और अधिकारियों को घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

वहीं, प्रशासन ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले में आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version