Mathura News: मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही एक नया और आकर्षक आध्यात्मिक अनुभव तैयार होने जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर स्थित केशव वाटिका में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित म्यूजिकल फाउंटेन और लेजर शो शुरू किया जाएगा। इस शो के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की ब्रज में हुई प्रमुख लीलाओं का आनंद ले सकेंगे।
करीब 20 से 25 मिनट के इस विशेष शो में वाटर स्क्रीन पर कान्हा के जीवन और उनके वैभव को दर्शाया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए अंदाज में देखने का अवसर मिलेगा।
10 करोड़ रुपये से हो रहा सुंदरीकरण
केशव वाटिका के सौंदर्यीकरण का कार्य मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है। इस परियोजना पर लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वाटिका में म्यूजिकल फाउंटेन के साथ-साथ सुंदर पाथ-वे, पत्थर की रेलिंग, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी।
परियोजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराना है।
वाटर स्क्रीन पर जीवंत होंगी कृष्ण लीलाएं
अधिकारियों के अनुसार, म्यूजिकल फाउंटेन की वाटर स्क्रीन पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और ब्रज की लीलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। आधुनिक लेजर तकनीक और संगीत के संयोजन से यह शो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
पहले से चल रहा है लेजर शो
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर वर्ष 2023 से भागवत भवन की दीवार पर भी लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है। इस शो में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया जाता है।
यह कार्यक्रम प्रतिदिन रात 9:10 बजे से 9:50 बजे तक आयोजित किया जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका आनंद लेते हैं।
वर्षों बाद श्रद्धालुओं के लिए खुली थी केशव वाटिका
केशव वाटिका का इतिहास भी काफी महत्वपूर्ण रहा है। वर्ष 1995 में सुरक्षा कारणों से यहां श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। लंबे समय तक बंद रहने के बाद विभिन्न धार्मिक संगठनों और संतों द्वारा इसे दोबारा खोलने की मांग की जाती रही।
आखिरकार शासन के निर्देश पर अगस्त 2019 में केशव वाटिका को श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया। अब इसके सुंदरीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास से यह स्थान मथुरा के प्रमुख धार्मिक आकर्षणों में शामिल होने जा रहा है।
