उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां ओमनी वैन और ट्रेलर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
यह दुर्घटना हाटा थाना क्षेत्र के थरुआडीह इलाके के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, वैन में कुल आठ लोग सवार थे। सभी हाटा में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद कप्तानगंज लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से उनकी वैन की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
छह लोगों की मौके पर मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल मिले। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
सीएम योगी ने जताया दुख
कुशीनगर में हुए हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सीएम योगी ने अधिकारियों से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
एएसपी ने बताई पूरी घटना
कुशीनगर के अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि ट्रेलर ट्रक अहरौली से हाटा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान उसकी ओमनी वैन से टक्कर हो गई। वैन में आठ लोग सवार थे, जिनमें छह की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस ने सभी छह मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायलों का इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे की जांच करेगी समिति
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जिला स्तरीय समिति घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी। पुलिस भी हादसे से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

