Unique Love Story: दो साल तक अपनी जिद अड़ी रही,बालिग होते ही प्रेमी संग पहुंची पुलिस चौकी, परिवारों की रजामंदी से हुई शादी

दो साल तक नाबालिग होने के कारण शादी की अनुमति नहीं मिलने के बाद एक युवती बालिग होते ही अपने प्रेमी के साथ पुलिस चौकी पहुंच गई। परिवारों की सहमति से दोनों की शादी करा दी गई।

Love Story Fulfilled on Sixth Attempt: खौद चौकी क्षेत्र के सीगनखेड़ा गांव की एक युवती की प्रेम कहानी इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। युवती का अपने ही गांव के एक युवक से लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण कानूनी बाधाएं सामने आ रही थीं। युवती पिछले दो वर्षों में कई बार अपने प्रेमी के साथ पुलिस चौकी पहुंची और शादी कराने की मांग की। हालांकि हर बार पुलिस ने उसे नाबालिग बताते हुए समझाया और परिजनों के साथ घर भेज दिया।

जन्मदिन का था खास इंतजार

बार-बार निराश होने के बाद युवती ने फैसला किया कि वह अपनी उम्र पूरी होने का इंतजार करेगी। वह अपने 18वें जन्मदिन का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। जैसे ही सोमवार को वह बालिग हुई, वह सीधे अपने प्रेमी को लेकर खौद पुलिस चौकी पहुंच गई। चौकी पहुंचते ही उसने चौकी इंचार्ज से कहा कि अब वह पूरी तरह बालिग हो चुकी है और उसकी शादी कराई जाए। युवती और उसका प्रेमी दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे।

चौकी में जुट गई लोगों की भीड़

चौकी इंचार्ज चंद्र बिक्रम सिंह ने दोनों को समझाने की कोशिश की और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। लेकिन प्रेमी जोड़ा अपनी जिद पर कायम रहा। दोनों वहीं बैठ गए और शादी कराने की मांग करते रहे। इस अनोखे मामले की खबर आसपास के लोगों तक पहुंच गई। देखते ही देखते चौकी के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। माहौल को देखते हुए पुलिस ने दोनों परिवारों को सूचना देकर चौकी बुला लिया।

परिवारों ने दिखाई समझदारी

पुलिस चौकी परिसर में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। काफी चर्चा के बाद अच्छी बात यह रही कि दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए। परिवारों की सहमति मिलने के बाद मामला आसानी से सुलझ गया। इसके बाद दोनों पक्ष प्रेमी जोड़े को अपने साथ गांव ले गए। वहां वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच दोनों की शादी संपन्न कराई गई। शादी के बाद परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

इलाके में बनी चर्चा का विषय

दो साल तक पांच बार कोशिश करने के बाद छठी बार में प्रेमी जोड़े को सफलता मिली। यही वजह है कि यह अनोखी प्रेम कहानी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि युवती अब बालिग हो चुकी थी। दोनों परिवारों को बुलाकर बातचीत कराई गई और उनकी सहमति के बाद प्रेमी जोड़े को परिजनों के साथ भेज दिया गया।

Exit mobile version