UP News: उड़ान के बीच बदला रूट, दुबई-काठमांडू फ्लाइट को लखनऊ में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

दुबई से काठमांडू जा रही flydubai की फ्लाइट FZ-1133 को कम ईंधन की वजह से लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार 154 यात्री सुरक्षित हैं और एयरपोर्ट प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

UP News: राजधानी लखनऊ के Chaudhary Charan Singh International Airport पर शनिवार सुबह एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जिससे एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। दुबई से काठमांडू जा रही flydubai की फ्लाइट संख्या FZ-1133 को कम ईंधन की वजह से लखनऊ में उतारना पड़ा।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार यह फ्लाइट सुबह करीब 8 बजकर 22 मिनट पर सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। विमान में कुल 154 यात्री सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और एयरपोर्ट प्रशासन तथा सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।

ईंधन कम होने से लिया गया इमरजेंसी फैसला

बताया जा रहा है कि दुबई से काठमांडू जा रही इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान में ईंधन कम होने की स्थिति बनने पर पायलट ने एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का निर्णय लिया। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर ही खड़ा है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

इससे पहले भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले 31 मार्च को Air India Express की बागडोगरा से दिल्ली जा रही फ्लाइट को भी लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस दौरान विमान के एवियोनिक्स बे में धुआं दिखने का संकेत मिला था।

पायलट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ‘मेड-डे’ कॉल की बजाय ‘पैन-पैन’ कॉल जारी किया था, जो संभावित तकनीकी आपात स्थिति का संकेत होता है। विमान में 148 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित उतार लिया गया था।

एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता

एयरलाइन ने उस समय बयान जारी कर कहा था कि चालक दल ने मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए फ्लाइट को डायवर्ट करने का निर्णय लिया था, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। लैंडिंग के बाद यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया गया और बाद में उन्हें वैकल्पिक उड़ानों से दिल्ली भेजा गया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस सुरक्षा मानकों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।

Exit mobile version