Site icon News1India

Lucknow News: लखनऊ में नशे में दरोगा की दबंगई, टिफिन संचालक से मारपीट और कार में तोड़फोड़ का वीडियो वायरल

Lucknow Police Sub Inspector

Lucknow Police Sub Inspector:लखनऊ में शराब के नशे में एक दरोगा पर टिफिन संचालक से गाली-गलौज, मारपीट और कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। आरोपी दरोगा की पहचान नाका थाने में तैनात गोपेश शर्मा के रूप में हुई है। वीडियो सामने आने के बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

टिफिन संचालक से संपर्क

दुबग्गा के बरावन कलां निवासी राहुल द्विवेदी टिफिन सर्विस का काम करते हैं। राहुल के मुताबिक, दुबग्गा थाने में पिछली तैनाती के दौरान गोपेश शर्मा से टिफिन के सिलसिले में उनकी पहचान हुई थी। राहुल ने बताया कि रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दरोगा हाथ में शराब की बोतल लेकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पत्नी और मकान मालकिन के साथ विवाद हो गया है और समझौते के लिए राहुल को उनके साथ चलना होगा। इसके बाद दरोगा अपनी बाइक राहुल के घर छोड़कर उनकी स्विफ्ट कार में बैठ गए।

रास्ते में बढ़ा विवाद

राहुल के अनुसार, दरोगा उन्हें यादव चौराहा, कुड़िया घाट और फिर जेहटा लीलाखेड़ा की तरफ ले गए। इस दौरान वह लगातार शराब पीते रहे। आरोप है कि अपने पारिवारिक विवाद का गुस्सा भी वह राहुल पर निकालने लगे। लीलाखेड़ा के पास राहुल जब कुछ देर के लिए कार से नीचे उतरे, तब दरोगा ने पथराव कर कार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इसके बाद राहुल उन्हें लेकर दुबग्गा थाने की तरफ लौटने लगे। इसी दौरान विवाद और ज्यादा बढ़ गया।

शीशा तोड़ने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि चलती कार में दरोगा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने पैर मारकर कार का फ्रंट शीशा तोड़ दिया। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि दरोगा ने उनके 15 हजार रुपये छीनकर फेंक दिए। इसी दौरान राहुल ने कार चलाते हुए दरोगा की हरकत का वीडियो बना लिया। इसके बाद उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। वीडियो वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों तक पहुंच गया।

समझौते का दबाव

राहुल का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वह दुबग्गा थाने पहुंचे तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और उन पर समझौता करने का दबाव बनाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी करा दिया गया। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। एडीसीपी पश्चिमी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि दरोगा गोपेश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी दरोगा ने बीमारी के अवकाश से लौटने के बाद शनिवार को ही नाका थाने में आमद कराई थी।

Exit mobile version