नियम तोड़कर एक्सप्रेसवे पर चढ़ी बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,दो युवकों की गई जान, तकनीकी खामियों और जाम ने बढ़ाई चिंता

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे शुरू होने के दूसरे दिन ही दर्दनाक हादसा हुआ। नियम तोड़कर बाइक से पहुंचे दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वहीं सेंसर खराबी, टोल व्यवस्था और जाम जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

Lucknow Kanpur Expressway Accident:लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के संचालन के दूसरे दिन बुधवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। बंथरा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर बाइक का प्रवेश प्रतिबंधित होने के बावजूद दो युवक नियम तोड़कर बाइक से सफर कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

एक की मौके पर मौत, दूसरे ने ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम

बंथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह के अनुसार, उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के अर्जुनामऊ निवासी 25 वर्षीय हिमांशु सिंह अपने साथी हरदोई के संडीला निवासी 24 वर्षीय शैलेंद्र सिंह के साथ लखनऊ से घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे बंथरा कस्बे के पास किलोमीटर 20.5 पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हेलमेट नहीं पहना था, सीसीटीवी से जांच जारी

पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड की मदद से वाहन की पहचान करने में जुटी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

सेंसर खराबी और जाम से परेशान हुए वाहन चालक

एक्सप्रेसवे पर सफर के दूसरे दिन तकनीकी दिक्कतें भी सामने आईं। उन्नाव एग्जिट, अमौसी एंट्री प्वाइंट और आजाद चौक के पास नंबर प्लेट और फास्टैग पढ़ने वाले सेंसर कई बार बंद हो गए। इसके कारण टोल प्वाइंट पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और गूगल मैप पर कई स्थान ऑरेंज और रेड पैच के रूप में दिखाई दिए।

टोल की जानकारी नहीं, कई चालक लौटे वापस

दरोगाखेड़ा एंट्री प्वाइंट पर टोल दरों की स्पष्ट जानकारी न होने से कई वाहन चालक भ्रमित हो गए। एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के बाद जब उन्हें टोल शुल्क का पता चला तो कई लोग बीच रास्ते से लौटने लगे, जिससे जाम की स्थिति बन गई। टोल सूचना बोर्ड पर वाहन श्रेणियां तो दर्ज थीं, लेकिन शुल्क का कॉलम खाली होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

गंगा एक्सप्रेसवे इंटरचेंज और मर्जिंग ट्रैफिक भी बने कारण

उन्नाव के पास गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज निर्माण कार्य और औद्योगिक क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों के कारण भी ट्रैफिक प्रभावित रहा। निर्माण कार्य और डायवर्जन की वजह से कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार कम रही और यातायात सामान्य से धीमा चलता रहा।

बिना टोल दिए लॉन्ग ड्राइव का भी मामला सामने आया

दरोगाखेड़ा एंट्री प्वाइंट पर फिलहाल फास्टैग स्कैनिंग और टोल बूथ पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं। इसका फायदा उठाकर कुछ वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर उन्नाव से पहले बने इमरजेंसी कट से यू-टर्न लेकर वापस लौट रहे हैं। अधिकारियों ने भी माना कि वर्तमान व्यवस्था के कारण ऐसे वाहनों से टोल वसूली नहीं हो पा रही है। शुरुआती दिनों में तकनीकी सुधार और व्यवस्था को सुचारु बनाने का कार्य लगातार जारी है।

Exit mobile version