Wife murder case:लखनऊ के निशातगंज स्थित पेपर मिल कॉलोनी में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव पर अपनी पत्नी रश्मि की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि घर में विवाद के दौरान हिमांशु ने लोहे के मूसल से रश्मि के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रश्मि की मौत हो गई।
हत्या के बाद हिमांशु करीब तीन घंटे तक अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर मोहल्ले में घूमता रहा। इस दौरान मकान मालिक ने जब उससे रश्मि के बारे में पूछा तो वह पहले कोई साफ जवाब नहीं दे रहा था। बाद में उसने अलग-अलग बातें बताकर उन्हें गुमराह करने की कोशिश की।
मकान मालिक ने पुलिस को दी सूचना
मकान मालिक की पत्नी ने जब हिमांशु को कई घंटे तक बच्चे के साथ बाहर देखा तो उन्होंने उससे रश्मि के बारे में पूछा। पहले हिमांशु ने कोई जवाब नहीं दिया। दोबारा पूछने पर उसने कहा कि रश्मि जीने से गिर गई हैं। जब मकान मालिक ने पूछा कि वह कहां हैं, तो उसने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुछ देर बाद पूछने पर हिमांशु ने कहा कि रश्मि की मौत हो गई है। उसकी बातों से मकान मालिक को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद महानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के अंदर पूजाघर के पास रश्मि का शव औंधे मुंह खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस ने हिमांशु को पकड़ लिया और थाने ले गई।
हिमांशु 2011 बैच का सिपाही
एसीपी महानगर अंकित कुमार के मुताबिक, हिमांशु श्रीवास्तव वर्ष 2011 बैच का सिपाही है। वह मूल रूप से अयोध्या के निरालानगर का रहने वाला है। वर्तमान में वह डालीगंज स्थित पुलिस कार्यालय के जनसूचना प्रकोष्ठ में तैनात था।
हिमांशु अपनी पत्नी रश्मि और एक साल के बेटे के साथ पेपर मिल कॉलोनी में डॉक्टर अंशुमान श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रह रहा था। रश्मि मूल रूप से आंबेडकर नगर के मालीपुर की रहने वाली थीं। दोनों की शादी वर्ष 2015 में हुई थी।
पहले भी दोनों के बीच हुआ था विवाद
रश्मि के भाई सौरभ ने बताया कि शादी के करीब दो साल बाद हिमांशु ने अयोध्या में तलाक का केस कोर्ट में किया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया था और वे साथ रहने लगे थे।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हिमांशु ने पहले रश्मि के जीने से गिरने की बात कही। पुलिस ने जब खून से सना मूसल दिखाया तो उसने टालमटोल की और बाद में रश्मि पर वार करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मौके से मिले मूसल और ब्लड सैंपल को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया है। रश्मि के भाई सौरभ की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या की वजह और घटना से जुड़ी दूसरी बातों की जांच कर रही है।
