Site icon News1India

Lucknow sucide: युवक ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाई, नीचे तड़पते हुए पानी मांगा, दो मिनट में तोड़ा दम

Lucknow Rajajipuram Youth Death

Lucknow News:लखनऊ के राजाजीपुरम में सोमवार सुबह एक युवक ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। युवक अचानक एक घर में घुस गया था। लोगों ने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन वह डर गया और रेलिंग पर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी।

सुबह घर से निकला था

घटना राजाजीपुरम के सेक्टर-6 स्थित सपना कॉलोनी और ई-ब्लॉक इलाके की है। मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है। उसके पिता इंद्र बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि मनीष लालबाग में ऑटो पार्ट्स की दुकान पर सेल्समैन था। वह शराब पीने का आदी था और करीब एक महीने से काम पर नहीं जा रहा था।

परिवार के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से वह काफी तनाव में रहने लगा था। सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह घर से निकला था। परिजनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका।

कई घरों से होते हुए छत पर पहुंचा

मनीष करीब एक किलोमीटर दूर ई-ब्लॉक पहुंचा और कुछ देर तक इलाके में घूमता रहा। इसके बाद वह एक घर में घुस गया। वह सीढ़ियों से छत पर पहुंचा और दो-तीन घरों की छत पार करने के बाद एक मकान में चला गया, जिसका दरवाजा खुला था।

घर की महिलाओं ने उसे छत पर जाते देखा तो शोर मचाया। लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तीसरी मंजिल की छत पर पहुंच गया। कुछ देर बाद वह रेलिंग पर जाकर खड़ा हो गया।

लोगों ने समझाया, फिर भी कूद गया

मौके पर मौजूद लोगों ने मनीष को काफी समझाया। वह बार-बार कह रहा था कि उसे पकड़ा न जाए। उसने लोगों से कहा कि अगर उसे पकड़ा गया तो वह कूद जाएगा। इसके बावजूद वह रेलिंग से नीचे कूद गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह करीब एक मिनट तक रेलिंग पर खड़ा दिखाई दे रहा है।

नीचे गिरने के बाद मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। वह दर्द से तड़पते हुए लोगों से पानी मांग रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने कथित तौर पर उससे कहा कि पानी नहीं देंगे, जहर देंगे और पूछा कि वह उनके घर में क्यों घुसा था।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

आसपास के लोगों ने घायल मनीष को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, छलांग लगाने के करीब दो मिनट बाद ही उसकी मौत हो गई।

तालकटोरा थाना प्रभारी कुलदीप दुबे ने बताया कि घटना से जुड़ा वीडियो पुलिस को मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version