UP Road Accident: उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी लखनऊ और मेरठ से मंगलवार को दो दर्दनाक सड़क हादसों की खबर सामने आई। लखनऊ के गुडंबा इलाके में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार भोजपुरी फिल्म अभिनेता और निर्देशक को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर मौजूद दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, मेरठ के परतापुर इलाके में ड्यूटी से घर लौट रहे 69 वर्षीय कर्मचारी को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचल दिया। दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर मंगलवार तड़के करीब चार बजे यह भीषण हादसा हुआ। कुशीनगर के तुरपट्टी के रहने वाले 26 वर्षीय रोहित शर्मा लखनऊ के चिनहट क्षेत्र की शंकरपुरी कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। वह भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और निर्देशन का काम करने के साथ आईटीआई सेकेंड ईयर के छात्र भी थे। सोमवार शाम वह अपने दोस्त शोभित के साथ मलिहाबाद में भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए थे। देर रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
मौके पर हुई रोहित की मौत
बताया जा रहा है कि टेढ़ी पुलिया से मुंशीपुलिया की ओर लौटते समय टीवीएस शोरूम के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। आरोप है कि डिवाइडर तोड़कर रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित का हेलमेट तक टूट गया और उनके सिर व दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, शोभित की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।
परिवार ने खोया सहारा
रोहित के छोटे भाई मंजेश के मुताबिक, परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों के चलते रोहित ने कुछ समय के लिए निर्देशन का काम छोड़ दिया था। हाल ही में उन्हें दोबारा काम मिला था और वह फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे। रोहित के पिता मगन शर्मा फर्नीचर का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मेरठ में कैंटर ने कुचला
दूसरा हादसा मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में हुआ। मोदीनगर के संजयपुरी रोड निवासी 69 वर्षीय लख्मीचंद्र गगोल रोड स्थित कनोहर फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहे थे। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर संगम चौक के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद लख्मीचंद्र सड़क पर गिर गए और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना के कारण दिल्ली रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।
