UP Crime News:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। आशियाना इलाके के सेक्टर-एल में रहने वाले कारोबारी मानवेंद्र प्रताप सिंह की हत्या उनके ही बेटे ने कर दी। यह खबर सामने आते ही पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया।
लाइसेंसी पिस्टल बनी मौत का कारण
पुलिस के अनुसार, मानवेंद्र सिंह ने अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्टल ली थी। वही पिस्टल उनकी जान ले बैठी। बताया जा रहा है कि यह हथियार अक्सर उनके बेटे अक्षत (कुछ लोग अक्षय भी बता रहे हैं) के पास रहता था। पड़ोसियों का कहना है कि वह कई कार्यक्रमों में भी हथियार लेकर जाता था और उसे चलाना जानता था।
पढ़ाई को लेकर होता था झगड़ा
जानकारी के मुताबिक, 20 फरवरी को पिता और बेटे के बीच पढ़ाई को लेकर तीखी बहस हुई। बेटा बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था। उसने 12वीं बायोलॉजी से पास की थी। पिता चाहते थे कि वह मेडिकल की तैयारी करे और NEET परीक्षा दे। इसी दबाव और डांट-फटकार को लेकर घर में अक्सर तनाव रहता था।
डीसीपी विक्रांत वीर के मुताबिक, बहस के दौरान बेटे ने गुस्से में आकर पिता पर गोली चला दी। गोली सीने में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय मृतक की पत्नी गांव में थीं, जबकि बेटी घर पर मौजूद थी।
शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाया
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने की कोशिश की। उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर उसके टुकड़े किए। कुछ अंग सदारोना गांव के पास फेंके गए, जबकि बाकी हिस्से घर के अंदर एक नीले ड्रम में छिपा दिए गए। बाद में पुलिस को घर से शव के हिस्से बरामद हुए।
बेटी ने खोला राज
बताया जा रहा है कि बेटी ने पड़ोसियों को सच्चाई बताई। उसने कहा कि भाई ने ही पिता को गोली मारी और उसे किसी को कुछ न बताने की धमकी भी दी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामला खुलकर सामने आया।
पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी युवक का मन पढ़ाई में कम लगता था। उसे नाटक और मंचन में ज्यादा दिलचस्पी थी। रामलीला में वह रावण का किरदार निभाने की जिद करता था। अब इस घटना के बाद लोग उसे ‘राक्षस’ कह रहे हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि यह अचानक हुआ गुस्सा था या पहले से बनाई गई योजना।
