Site icon News1India

Swine Flu: लखनऊ में H1N1 के 11 नए मरीज मिले, एक्टिव केस बढ़कर 52 , दो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

Lucknow Swine Flu H1N1 Cases

 Lucknow Swine Flu H1N1 Cases:लखनऊ में H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को 11 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। नए संक्रमितों में दो मरीजों की स्थिति गंभीर बताई गई है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

नौ मरीज घर पर

नए संक्रमितों में नौ मरीजों की हालत ऐसी है कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। डॉक्टरों की सलाह पर सभी नौ मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नए मामलों के सामने आने के बाद राजधानी में स्वाइन फ्लू के एक्टिव केस बढ़कर 52 हो गए हैं।

दो मरीज स्वस्थ

संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राहत की खबर भी सामने आई है। पिछले 24 घंटे में स्वाइन फ्लू से संक्रमित दो मरीज पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए हैं। इससे एक्टिव मरीजों की संख्या में कुछ कमी आने की उम्मीद थी, लेकिन नए 11 मामलों के कारण कुल सक्रिय केस फिर बढ़कर 52 पहुंच गए।

लगातार बढ़ा ग्राफ

लखनऊ में पिछले तीन दिनों से H1N1 के नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले बुधवार को छह और गुरुवार को नौ नए मरीज सामने आए थे। इस दौरान चार मरीजों के स्वस्थ होने की जानकारी भी सामने आई थी। शुक्रवार को एक साथ 11 नए संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है।

अस्पताल में निगरानी

इससे पहले बलरामपुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू के तीन पॉजिटिव मामले सामने आए थे। इनमें एक महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। फिलहाल अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार उपचार दिया जा रहा है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version