Site icon News1India

Video Call : प्रेमिका से बात करते हुए युवक ने उठाया खौफनाक कदम, करी आत्महत्या जहरीली दवा पीने की आशंका

Lucknow Video Call Suicide Case

Lucknow Video Call Suicide Case:लखनऊ के बिजनौर इलाके में शुक्रवार को 25 वर्षीय करन यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, करन शहीदपथ के पास जालिम खेड़ा गांव के जंगल में पहुंचा और एक युवती को वीडियो कॉल किया। बातचीत के दौरान उसने खुद को गोली मार ली। पुलिस को मौके से पिस्टल के साथ कोल्डड्रिंक और कुछ दवाइयों की खाली शीशियां भी मिली हैं।

घर से ड्यूटी की बात कही

पुलिस के अनुसार करन रायसिंह खेड़ा का रहने वाला था। वह वृंदावन कॉलोनी में एक व्यक्ति की निजी कार चलाता था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। दोपहर करीब 1 बजे वह जालिम खेड़ा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचा।

उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और करीब 100 मीटर अंदर चला गया। इसके बाद उसने एक युवती को वीडियो कॉल किया। पुलिस को शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है।

वीडियो कॉल के दौरान गोली

पुलिस के मुताबिक करन वीडियो कॉल पर युवती से बात कर रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पिस्टल कनपटी से सटाकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस करन को लोकबंधु अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटनास्थल से मिली पिस्टल को शुरुआती जांच में अवैध बताया गया है।

जहर पीने की भी आशंका

मामले में पुलिस को घटनास्थल से मिली दूसरी चीजों ने जांच को और महत्वपूर्ण बना दिया है। वहां कोल्डड्रिंक की खाली बोतल, पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास और दवा की दो छोटी खुली शीशियां मिलीं। करन के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है।

इसी आधार पर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने गोली चलाने से पहले किसी जहरीली दवा का सेवन किया था। फोरेंसिक टीम ने मौके से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को जांच के लिए जुटाया है।

कॉल डिटेल से खुलेगा राज

पुलिस अब उस युवती की पहचान और करन से हुई बातचीत के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके लिए कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। युवती से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो कॉल के दौरान क्या बातचीत हुई थी और घटना से पहले करन की स्थिति क्या थी।

पुलिस ने बताया कि परिवार की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version