Maharajganj News : हो जाइए सावधान, हल्की सी लापरवाही पड़ेगी भारी, मौसम का ट्रिपल अटैक

Maharajganj : बीते चार दिनों से मौसम के करवट बदलने का असर तराई में दिखने लगा है। सुबह और शाम के समय कई जगहों पर ठीक ठाक कोहरा देखने को मिल रहा है,

अविमुक्त पांडेय, महराजगंज । बीते चार दिनों से मौसम के करवट बदलने का असर तराई में दिखने लगा है। सुबह और शाम के समय कई जगहों पर ठीक ठाक कोहरा देखने को मिल रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। सर्द हवाएं ठंड का अहसास कराने लगी हैं। सड़कों पर ऊनी कपड़ों में राहगीर नजर आने लगे हैं। हालांकि अगले कुछ दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद ठंड में और वृद्धि हो सकती है। महराजगंज फरेंदा मार्ग, गोरखपुर – महराजगंज मार्ग, महराजगंज – निचलौल मार्ग पर धुंध छाया रहा।

विजिबिलिटी कम होने से सड़कों पर रेंग रहे वाहन

दृश्यता कम होने से वाहन रेंगते नजर आए। सुबह लोग नींद से जागे तो सुबह आठ बजे से चारों ओर कोहरा छाया रहा।
छत, बरामदे और सड़क ओस की बूंद से भीगी रहीं। ठंड के बीच बच्चे स्कूल जाते नजर आए। कोई स्कूल के वाहन, तो कोई खुद के साधन से स्कूल पहुंचा। मौसम के मिजाज को भांपते हुए घर की महिलाओं ने ऊनी कपड़ों और रजाई, कंबल को बाहर निकलना शुरू कर दिया।

कोहरे में बरतें सावधानी, नहीं तो गलती पड़ेगी भारी

ट्रैफिक पुलिस की ओर से बताया गया कि कोहरे में वाहन चलाते समय सावधानी अवश्य बरतें। कोहरे में वाहन की रफ्तार कम होनी चाहिए, जिससे सामने खड़े वाहन व आगे की तरफ से आने वाले वाहन को आसानी से देखा जा सके। इसके अलावा आगे चलने वाले वाहनों के बीच कम से कम 100 मीटर की दूरी बनाए रखें। कोहरे के समय वाहन के आगे पीछे की लाइट को ठीक रखें। साथ ही वाइपर को भी पूरी तरह ठीक करा लें। और बताया कि आने वाले समय में अभियान चला कर वाहनों में रिफलेक्टर लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Exit mobile version