Site icon News1India

Maharajganj News : ‘मुन्नाभाई’ बन कर पा गए नौकरी, लेकिन जब खुला राज़ तो हुआ कुछ ऐसा कि हड़कंप मच गया

अविमुक्त पांडेय, महराजगंज । जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों पर लंबे समय तक नौकरी करने वाले बर्खास्त शिक्षकों पर थानों में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पनियरा के खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार और सिसवा के वंशीधर सिंह की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। जिन फर्जी शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज हुआ है, उसमें पनियरा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय डिहवा डुमरा में तैनात रहे शिक्षक प्रेमचंद्र शुक्ला और सिसवा क्षेत्र के दो अन्य शिक्षकों में जयप्रकाश पांडेय व उस्मानी का नाम शामिल है। दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने उनके विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अब तक पकड़े गए 12 ‘मुन्नाभाई टीचर’

सदर कोतवाल मनोज कुमार राय ने बताया कि अब तक कुल 12 शिक्षकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की विवेचना जारी है, साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

तहरीर में शिक्षकों का पता देने से कतरा रहा विभाग

लंबे समय से बर्खास्त होने के बाद भी जिले के 12 शिक्षकों के विरुद्ध विभाग की ओर से पहले तो मुकदमा नहीं दर्ज कराकर उन्हें बचाया जाता रहा। लेकिन अब दबाव पड़ने के बाद मुकदमा लिखा भी जा रहा है, तो विभागीय बाबुओं और खंड शिक्षा अधिकारियों ने उसमें भी आरोपित शिक्षकों के पते का जिक्र नहीं किया है। नियम से तहरीर में पता देना चाहिए था, जिस पते का प्रयोग करते हुए आरोपित शिक्षकों ने नौकरी हासिल की है। लेकिन अधिकांश आरोपितों के पते के नाम पर उस विद्यालय का पता दिया गया है।

बीएसए आफिस से विवेचक ने मांगे अभिलेख

सदर कोतवाली में पिछले तीन दिनों में कुल 12 बर्खास्त हुए आरोपित शिक्षकों पर छह मुकदमें दर्ज किए गए हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सभी आरोपित शिक्षकों से जुड़े अभिलेखों की मांग की है। सदर कोतवाल मनोज कुमार राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद समस्त अभिलेखों की जांच की जाएगी। इसके आधार पर विवेचना की जा रही है।

Exit mobile version