Site icon News1India

शादी से दो दिन पहले फौजी पिता की मौत, सैनिक साथियों ने निभाया कन्यादान का फर्ज

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के मांट क्षेत्र में एक दुखद घटना में छुट्टी लेकर बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक सैनिक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मांट थाना प्रभारी रंजीत वर्मा ने जानकारी दी कि बकला गांव निवासी 48 वर्षीय देवेंद्र सिंह की बेटी की शादी 7 दिसंबर को तय थी। शादी की तैयारियों के दौरान दो दिन पहले मांट-राया रोड पर हुए हादसे में देवेंद्र सिंह का निधन हो गया। इस घटना के बाद उनके साथी सैनिकों ने पिता का फर्ज निभाते हुए कन्यादान किया।

शादी से दो दिन पहले पिता का निधन

देवेंद्र के रिश्तेदार नरेंद्र (Mathura News) ने बताया कि बेटी की शादी से ठीक दो दिन पहले पिता के निधन से पूरे घर में मातम छा गया और सभी तैयारियां ठप हो गईं। मैरिज होम में चल रही सभी तैयारियां अधूरी रह गईं। बेटी भी इस सदमे से टूट गई और शादी के लिए तैयार नहीं थी। पिता की याद में वह लगातार रो रही है जिससे उसकी हालत बेहद खराब हो गई है।

यह भी पढ़े: कांग्रेस की वरिष्ट नेता सोनिया गांधी का जन्मदिन आज, पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

फौजी साथियों ने किया कन्यादान

नरेंद्र ने बताया कि परिवार इस उलझन में था कि देवेंद्र के निधन के बाद बेटी का कन्यादान कौन करेगा। तभी उनकी जाट बटालियन के साथियों को इस दुखद घटना की जानकारी मिली। उनके कमांडिंग अधिकारी ने 5 जवानों को बकला गांव भेजा ताकि वे इस जिम्मेदारी को निभा सकें। देवेंद्र के साथी सैनिक सूबेदार सोनवीर सिंह, सूबेदार मुकेश कुमार, हवलदार प्रेमवीर, विनोद और बेताल सिंह गांव पहुंचे और पिता की भूमिका निभाते हुए न केवल बेटी का कन्यादान किया बल्कि शादी की तैयारियों में भी पूरा सहयोग दिया।

सेना की वर्दी में कन्यादान (Mathura News) होते देख वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। जवानों ने बेटी को आगे भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया जो इस मुश्किल घड़ी में परिवार के लिए एक बड़ा सहारा बना।

Exit mobile version