Mau Public Meeting: गरजे मुख्यमंत्री योगी, किया 392 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

मऊ में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए 392 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

Mau CM Yogi Public Meeting

Mau Public Meeting : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पाती स्थित गांधी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि आज उत्तर प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है। सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था, लेकिन अब ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है।

पुराने दंगों का किया जिक्र

सीएम योगी ने वर्ष 2005 में मऊ में हुए दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय हालात बेहद खराब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में अपराधियों को संरक्षण मिलता था और आम लोगों की सुरक्षा खतरे में रहती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और हर नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहा है।

त्योहारों में बाधा डालने वालों को चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी, शिवरात्रि, रक्षाबंधन और अन्य धार्मिक आयोजनों में कोई भी व्यक्ति बाधा डालने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

गरीबों के लिए योजनाओं का लाभ

सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पात्र लोगों को मुफ्त राशन, आवास और शौचालय जैसी सुविधाएं पारदर्शी तरीके से मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों तक योजनाओं का लाभ पूरी तरह नहीं पहुंच पाता था, लेकिन अब व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है।

वोट की ताकत का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने जनता से लोकतंत्र में मतदान के महत्व को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन और वोट की ताकत से ही बड़े फैसले और विकास कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर का भी उल्लेख किया और इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

विकास से बदल रही तस्वीर

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि जिले में अस्पताल, सैनिक स्कूल, पब्लिक स्कूल, फार्मेसी कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और आईटीआई जैसे संस्थान विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार किसानों और जरूरतमंद परिवारों के लिए भी विभिन्न योजनाएं चला रही है।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी जनता के सामने रखी। जनसभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और विकास योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

Exit mobile version